स्वच्छता को दें प्राथमिकता : रेवंत रेड्डी

हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को हैदराबाद, साइबराबाद और मल्काजगिरी नगर निगमों में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आदेश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन्हें कहीं भी कोई गंदगी व कचरा दिखाई देता है, तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही तीनों नगर निगमों के आयुक्तों को सुबह छह बजे तक क्षेत्र स्तर पर रहने के निर्देश दिये। सीएम ने सचिवालय में नागरिक प्रशासन और शहरी विकास मामलों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने विज्ञापन आय में वृद्धि नीति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व में वृद्धि के लिए उठाए जाने वाले विभिन्न कदमों के बारे में कई सुझाव दिए। उन्होंने नगर में चौराहों और अन्य स्थानों पर स्मार्ट पोल लगाने का आदेश दिया।

साथ ही इन पोलों पर बिजली, अन्य केबल, सीसी कैमरे, विज्ञापन बोर्ड आदि लगाए जाने के अवसरों की जाँच करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर में निजी भूमि पर मल्टी-लेवल पार्किंग की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए। उन्होंने नेकलेस रोड के आस-पास मल्टी-लेवल पार्किंग की संभावनाओं का तत्काल आकलन करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने शहर में विज्ञापनों के बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकार के बोर्ड दिखायी देने के बावजूद अपेक्षित आय प्राप्त नहीं होने को लेकर अधिकारियों से सवाल किया। उन्होंने मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरू में विज्ञापनों के जरिए प्राप्त हो रही आय का अध्ययन कर शहर में प्राप्त आय की समीक्षा करने का आदेश दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह उन विज्ञापनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, जो सरकारी राजस्व को नुकसान पहुँचा रहे है। उन्होंने विज्ञापन बोर्डों में सरकारी कार्यक्रमों और कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा के लिए 10 प्रतिशत आवंटित करने का सुझाव दिया।

यह भी पढ़ें… सीएस ने दिये केंद्रीय निधियों हेतु कार्य योजना तैयार करने के निर्देश

पीपीपी मॉडल से आय बढ़ाने पर मंथन

अधिकारियों ने पीपीपी और अन्य मॉडलों में आय प्राप्त करने के विषय पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया। सीएम ने इस पर कई सुझाव और सलाह दी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तीन नगर निगमों के अलावा राज्य के सभी शहरों और कस्बों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन के लिए यूनिकोड प्रणाली का पालन करने का आदेश दिया। उन्होंने तीन नगर पालिकाओं के दायरे में आने वाले पार्कों का विवरण एकत्र करने के निर्देश देते हुए पार्कों के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य में नवनिर्वाचित महापौरों, उपमहापौरों, म्युनिसिपल चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैनों के लिए शीघ्र ही एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करने का आदेश दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए शहरों और कस्बों के विकास हेतु उठाए जाने वाले कदमों व अन्य मुद्दों की जानकारी देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वह इस बैठक में निर्वाचित नेताओं से बात करेंगे।

बैठक में सीएम के सलाहकार नरेंदर रेड्डी, सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, सीएम के सचिव माणिक राज, एचएमडीए आयुक्त सरफराज अहमद, हैदराबाद, साइबराबाद और मल्काजगिरी के आयुक्त सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button