सीएस ने दिये केंद्रीय निधियों हेतु कार्य योजना तैयार करने के निर्देश

हैदराबाद, तेलंगाना सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि केंद्र सरकार से प्राप्त होने वाली निधियों को हासिल करने के लिए उपयुक्त कार्य योजना तैयार करें। मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने सोमवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर सचिवालय में विभिन्न विभागों के सचिवों और उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सीएस ने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं से राज्य को मिलने वाली बकाया राशि और निधियों को मार्च माह के अंत तक समेकित करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य योजना तैयार की जाए।

केंद्र सरकार के एसएनए निधि, 15वें वित्त आयोग के अनुदान तथा अन्य योजनाओं के अंतर्गत राज्य को प्राप्त होने वाली निधियों पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए इस संबंध में दिल्ली में एक विशेष अधिकारी की नियुक्ति कर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी उन्होंने दिये। साथ ही जोड़ा कि पंचायती राज, ग्रामीण विकास, नगरपालिका, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा आदिवासी कल्याण विभागों के अंतर्गत केंद्र से राज्य को लगभग 15 हजार करोड़ रुपये प्राप्त होने हैं। इन्हें समेकित कर राज्य में लंबित कार्यों पर व्यय किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें… भव्यता से मनाया जाएगा KCR का जन्मदिन : तलसानी श्रीनिवास यादव

ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरपालिका में योजना लागू होगी

सीएस ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 3 मार्च से 2 जून तक विभिन्न विकास कार्यों पर विभागवार 100 दिनों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से ग्रामीण विकास, नगरपालिका, स्वास्थ्य और शिक्षा विभागों में इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने आवश्यक हैं। हाल ही में राज्य में ग्राम पंचायत और नगरपालिका स्थानीय निकाय चुनाव समाप्त होने के कारण निर्वाचित वार्ड सदस्य, सरपंच, नगरपालिका पार्षद आदि जनप्रतिनिधियों को विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर जागरूक करने तथा जिम्मेदारीपूर्ण कर्तव्यों के निर्वहन में यह 100 दिनों की कार्ययोजना सहायक होगी।

सीएस ने निर्देश दिया कि गांवों और शहरों में स्वच्छता कार्यक्रम, सड़कों की मरम्मत, आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल की कमी न होने देने के लिए आवश्यक कदम तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता के लिए इस ऐक्शन प्लान को तैयार किया जाए। आगामी मंत्रिमंडल बैठक से संबंधित प्रस्तावों को कल तक प्रस्तुत करने के लिए भी सीएस ने निर्देश दिए। बैठक में राज्य सरकार के विशेष मुख्य सचिव विकास राज, सी.वी. आनंद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव शेषाद्रि, संदीप सुल्तानिया, अहमद नदीम, एन. श्रीधर, योगिता राणा, सचिव क्रिस्टिना चोंग्थु, टीके श्रीदेवी, स्टीफन रविंद्रा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button