ग्लोबल मीडिया और नेताओं ने की भारत-ईयू एफटीए की तारी़फ

इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज (आईआईएसएस) ने कहा कि कई भागीदारों के साथ व्यापार समझौतों को आगे बढ़ाने पर भारत का हालिया ध्यान- एक अधिक खुली अर्थव्यवस्था की ओर एक कदम का संकेत देता है

भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के पूरा होने पर दुनिया भर में, अंतरराष्ट्रीय मीडिया, विदेशी राजनीतिक नेतृत्व, ग्लोबल बिज़नेस प्रमुखों और सम्मानित नीति विशेषज्ञों ने मज़बूत और सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ दी हैं। इस डील को आर्थिक और भू-राजनीतिक दोनों तरह से ऐतिहासिक, रणनीतिक और सही समय पर उठाया गया कदम बताया जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया

दुनिया के प्रमुख मीडिया आउटलेट्स ने भारत- ईयू – एफटीए के पैमाने, महत्वाकांक्षा और रणनीतिक समय पर प्रकाश डाला है। द टेलीग्राफ ने जेम्स क्रिस्प के एक लेख में, जिसका शीर्षक था मोदी ईयू के साथ मदर ऑफ आल डील्स में असली विजेता हैं, इस समझौते को सभी व्यापार सौदों की जननी बताया और तर्क दिया कि भारत असली रणनीतिक विजेता के रूप में उभरा है। अखबार ने बताया कि यह डील ईयू से भारत को होने वाले 96.6 प्रतिशत निर्यात पर टैरिफ को खत्म या कम करती है, जबकि ईयू सात सालों में 99.5 प्रतिशत भारतीय सामानों पर टैरिफ कम करेगा।

ब्लूमबर्ग ने डैन स्ट्रमफ के एक लेख में, जिसका शीर्षक था जब दुनिया ट्रंप से दूरी बना रही है, तो सभी रास्ते मोदी की ओर जाते हैं, कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुआ – मदर ऑफ ऑल डील्स समझौता एक उभरते हुए पैटर्न का नवीनतम उदाहरण है: नई दिल्ली देशों के लिए पसंदीदा पार्टनर बन रहा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इस समझौते को वैश्विक टैरिफ बाधाओं के प्रति मध्यम शक्तियों की प्रतिक्रिया के रूप में पेश किया और इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे भारत और ईयू – अमेरिकी व्यापार नीतियों से पैदा हुई अनिश्चितता के बीच गठबंधन का विस्तार कर रहे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह डील लगभग दो दशकों की बातचीत के बाद दुनिया के सबसे बड़े आर्थिक ब्लॉक और सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था को एक साथ लाती है।

बीबीसी, गार्जियन और वॉशिंगटन पोस्ट की ऐतिहासिक हेडलाइंस

वॉशिंगटन पोस्ट ने इसे एक ऐतिहासिक डील बताया और अपनी हेडलाइन में कहा कि भारत और ईयू ने एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते में मदर ऑफ ऑल डील्स पर मुहर लगाई। द गार्जियन ने इसे सभी सौदों की जननी: ईयू और भारत ने मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए के रूप में बताया। इसी तरह की हेडलाइन बीबीसी ने भी रिपोर्ट की भारत और ईयू ने सभी व्यापार सौदों की जननी की घोषणा की। ब्लूमबर्ग ने एक और लेख में गहरी सप्लाई चेन इंटीग्रेशन की संभावनाओं पर चर्चा की और बताया कि कारों पर ड्यूटी पहले के 100 से ज़्यादा के स्तर की तुलना में 10 तक कम हो जाएगी और ऑटो कंपोनेंट्स पर ड्यूटी खत्म कर दी जाएगी।

एसोसिएटेड प्रेस ने इस डील के पैमाने पर प्रकाश डाला और अपनी हेडलाइन में कहा कि भारत और यूरोपीय संघ ने एक मुक्त व्यापार समझौते पर सहमति जताई जो वैश्विक व्यापार का एक तिहाई हिस्सा है। इस डील के पैमाने को अल जज़ीरा ने भी हाईलाइट किया, जिसने कहा कि सभी डील्स की जननी: भारत ईयू ट्रेड डील से 27 ट्रिलियन का बाज़ार बनेगा। रॉयटर्स ने इसे एक ऐतिहासिक डील बताया और कहा कि भारत, ईयू ने ऐतिहासिक ट्रेड डील की, ज़्यादातर सामानों पर टैरिफ कम किए जाएंगे।

फॉक्स न्यूज़ पर पाकिस्तानी पत्रकार कमर चीमा ने कहा कि इस समझौते से भारत को फायदा होने वाला है, क्योंकि कई अहम सेक्टर में टैरिफ घटाकर ज़ीरो कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देश अब यूरोपीय बाज़ार में भारत से मुकाबला नहीं कर पाएंगे।

विदेशी नेता

पूरे यूरोप के कई सीनियर पॉलिटिकल नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर इस समझौते का स्वागत किया। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने बातचीत के नतीजे को बहुत ही पॉजिटिव संकेत बताया और ग्रोथ और खुशहाली को बढ़ावा देने के लिए इसे जल्द से जल्द लागू करने की अपील की। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने भारत ईयू-एफटीए को ऐतिहासिक और दोनों पक्षों द्वारा अब तक का सबसे बड़ा व्यापार समझौता बताया।

स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने कहा कि यह समझौता सहयोग के एक नए युग की शुरुआत है, जो व्यापार और साझेदारी के माध्यम से खुशहाली, प्रतिस्पर्धा और सुरक्षा को मजबूत करेगा। ऑस्ट्रया के चांसलर ािढश्चियन स्टॉक ने कहा कि यह डील दो अरब लोगों को फायदा पहुंचाने वाला एक फ्री ट्रेड ज़ोन बनाती है और इसे तेजी से बदलते वैश्विक व्यवस्था में यूरोप के लचीलेपन के लिए एक बड़ा कदम बताया।

डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने समझौते को पूरा समर्थन दिया, इसे भू-राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया और दो अरब लोगों के संयुक्त बाजार में पहले कदम उठाने के फायदे पर जोर दिया। फ्रांस के विदेश व्यापार और आर्थिक आकर्षण के लिए मंत्री प्रतिनिधि निकोलस फोरिसियर ने ईयू-भारत समझौते को एक बड़ा राजनीतिक कदम बताया। यूरोपीय संसद के सदस्य सैंड्रो गोज़ी ने कहा कि यह समझौता साफ तौर पर साझेदारी में विविधता लाने और अपनी स्वायत्तता और स्वतंत्रता बढ़ाने की ईयू की जरूरत को दिखाता है।

बिजनेस लीडर्स और संगठन

भारत में काम कर रहे यूरोपीय और वैश्विक बिजनेस लीडर्स ने इस समझौते पर बहुत उम्मीद जताई और इसे लंबे समय से प्रतीक्षित सफलता बताया। एयरबस में भारत और दक्षिण एशिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर और फेडरेशन ऑफ यूरोपियन बिजनेस इन इंडिया के प्रेसिडेंट जुर्गन वेस्टरमेयर ने एफटीए को 20 साल की बातचीत के बाद एक बड़ा पल बताया।एयरबस इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट वाउटर वैन वर्श ने इसे शानदार दिन बताया और मेक इन इंडिया, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, रक्षा, अंतरिक्ष और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग के प्रति एयरबस की लंबी अवधि की प्रतिबद्धता को दोहराया।

इंडो-जर्मन चैंबर ऑफ कॉमर्स के डायरेक्टर जनरल जान नोएथर ने कहा कि यह समझौता दो अरब लोगों और वैश्विक जीडीपी के लगभग एक चौथाई हिस्से को एक साथ लाता है और इसे सभी फ्री ट्रेड समझौतों की जननी बताया- बर्लिन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएचके बर्लिन) के प्रेसिडेंट, सेबेस्टियन स्टीज़ेल ने भारत- ईयू एफटीए को लगातार तनावपूर्ण वैश्विक स्थिति में खुलेपन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

वोक्सवैगन, बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज-बेंज जैसी प्रमुख जर्मन कार निर्माताओं के सीईओ सहित प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों ने भारत में जर्मन निर्यात को बढ़ावा देने और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने की इस डील की क्षमता की सराहना की। क्रिएशियाई एम्प्लॉयर्स एसोसिएशन (एचयूपी) और बिजनेस यूरोप ने वैश्विक संरक्षणवाद के बीच ईयू – भारत एफटीए को ईयू के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक कदमों में से एक बताया। स्वीडिश व्यापार संगठनों जैसे स्वेन्स्कट नेरिंग्सलिव और फ़ोरेटैगार्ना ने इसे एक बड़ा अवसर बताया है।

अन्य वरिष्ठ व्यावसायिक हस्तियों, जिनमें फ्रैंक श्लोडर (मैनेजिंग डायरेक्टर, ह़ेफेल साउथ एशिया), थॉमस वोल्टर (मैनेजिंग डायरेक्टर, मशीनरी इंडिया), जान-ओल़ोफ जैक (सीईओ, कन्फेडरेशन ऑ़फ स्वीडिश एंटरप्राइज) और फ्रेडरिक पर्सन (प्रेसिडेंट, बिजनेसयूरोप) शामिल हैं, ने इस डील का स्वागत नियमों पर आधारित व्यापार, आपूर्ति-श्रृंखला लचीलापन, एसएमई विकास और दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धा के लिए एक मजबूत संकेत के रूप में किया।

अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ और थिंक टैंक

वैश्विक नीति विशेषज्ञों और थिंक टैंक ने इस समझौते को ठोस रूप से मजबूत और रणनीतिक रूप से सही समय पर किया गया बताया। सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (सीएसआईएस) के सीनियर एडवाइजर रिचर्ड रॉसो ने कहा कि यह डील दुनिया की एक चौथाई आबादी और वैश्विक व्यापार के एक बड़े हिस्से को एक साथ लाती है। अटलांटिक काउंसिल के सीनियर फेलो माइकल कुगेलमैन ने भारत – ईयू एफटीए को सही समय पर सही डील कहा, इस बात पर जोर देते हुए कि यह अमेरिकी टैरिफ से परे है और इसके बजाय एक व्यापक, तेजी से बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करता है।

यह भी पढ़ें… जिसने ब्रिटिश साम्राज्य को हिला दिया: लाला लाजपत राय

भू-राजनीतिक रणनीतिकार वेलिना चकारोवा ने इसे पैमाने और रणनीतिक इरादे दोनों के मामले में इस दशक के सबसे महत्वपूर्ण भू-आर्थिक समझौतों में से एक बताया। कील इंस्टीट्यूट फॉर द वर्ल्ड इकोनॉमी ने कहा कि गहरे ईयू-भारत एकीकरण से द्विपक्षीय व्यापार में 41 से 65 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है, दोनों पक्षों में जीडीपी के 0.12-0.13 प्रतिशत तक वास्तविक आय बढ़ सकती है। यूरोपियन काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस ने ईयू-भारत एफटीए को हाल के वर्षों में हुए सबसे बड़े व्यापार समझौतों में से एक बताया, जिसमें सामान, सेवाएं, निवेश, डिजिटल व्यापार और नियामक सहयोग शामिल हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button