एचसीएल टेक ने अमिताभ कांत को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया
नोएडा, वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएलटेक ने सोमवार को घोषणा की कि अमिताभ कांत को 8 सितंबर 2025 से स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। अमिताभ कांत एक शासन सुधारक और सार्वजनिक नीति परिवर्तन एजेंट हैं और हाल ही में भारत के जी20 शेरपा रहे।
जी20 शेरपा के रूप में उनके नेतृत्व में भारत की जी20 अध्यक्षता (2022-2023) के दौरान ऐतिहासिक नई दिल्ली लीडर्स डिक्लेरेशन को सर्वसम्मति से अपनाया गया, जिसने वैश्विक विकास को आगे बढ़ाने, भारत के डिजिटल सार्वजनिक ढांचे के मॉडल को प्रसारित करने और जलवायु वित्त, भू-राजनीति और प्रौद्योगिकी में महत्वाकांक्षी सुधारों की वकालत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर वैश्विक सहमति बनाई।
अपने शानदार करियर के दौरान उन्होंने भारत सरकार में कई प्रमुख पदों पर कार्य किया, जिनमें नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पद शामिल है। इन 6 से अधिक वर्षों में कांत ने परिवर्तनकारी नीतियां और पहलें लागू कीं, जिन्होंने भारत के विकास पथ को नया आकार दिया।
इनमें आकांक्षी जिलों का कार्यक्रम प्रमुख है, जो भारत के सबसे पिछड़े जिलों को रणनीतिक प्रतिस्पर्धा, केंद्रित शासन और लक्षित हस्तक्षेपों के माध्यम से उन्नत करने का प्रयास है। उन्होंने औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) का नेतृत्व किया और दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर विकास निगम (डीएमआईसीडीसी) के सीईओ और केरल सरकार में पर्यटन सचिव के रूप में कार्य किया।
केरल में अपने कार्यकाल के दौरान कांत ने ‘गॉड्स ओन कंट्री’ अभियान की परिकल्पना की, जिसने स्थानीय संस्कृति और व्यंजनों को पुनर्जीवित किया और पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य की वैश्विक छवि को मजबूत किया।
एचसीएलटेक की विकास रणनीति को नई दिशा
यह पहल बाद में ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ अभियान की नींव बनी, जिसका नेतृत्व उन्होंने पर्यटन मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में किया। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, इन्क्रेडिबल इंडिया, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुधार और उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजनाओं (पीएलआई) जैसी पहलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हमें खुशी है कि अमिताभ कांत बोर्ड में शामिल हो रहे हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं के निर्माण और भारत के सुधारों में उनके योगदान से एचसीएलटेक की विकास रणनीति को आकार देने में महत्वपूर्ण अंतर्दृष्टि मिलेगी, एचसीएलटेक की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा। अमिताभ कांत हमारे सफर और उद्योग दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर हमारे साथ जुड़े हैं।
उनकी दूरदर्शिता और दीर्घकालिक सोच हमारी रणनीति को आकार देने में अमूल्य होगी। अमिताभ हमारे मूल्यों और हमारी महत्वाकांक्षा को साझा करते हैं और मैं हमारी रणनीतिक योजनाओं को लागू करने में उनके मार्गदर्शन की प्रतीक्षा कर रहा हूं, सीईओ और प्रबंध निदेशक सी. विजयकुमार ने कहा।
यह भी पढ़े : शराब बनाने वाली कंपनियों का 3,400 करोड़ का बकाया चुकाने का अनुरोध
एचसीएलटेक भारत की सबसे उत्कृष्ट कॉर्पोरेट संस्थाओं में से एक है। मैं इसकी विकास यात्रा का हिस्सा बनकर प्रसन्न हूं और बोर्ड के साथ काम करने की प्रतीक्षा कर रहा हूं,अमिताभ कांत ने कहा। अमिताभ कांत को जापान सरकार द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठित ऑर्डर ऑफ द राइजिंग सन, गोल्ड एंड सिल्वर स्टार (2023), न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री द्वारा प्रदत्त सर एडमंड हिलेरी फैलोशिप, चीवेनिंग स्कॉलर और 21वीं सदी में शासन परिवर्तन में नेतृत्व के लिए वन ग्लोब अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्होंने छह पुस्तकों और भारत तथा वैश्विक समुदाय को प्रभावित करने वाले नीतिगत मुद्दों पर अनेक लेख लिखे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



