काम ज्यादा, कमाई नगण्य : भारत के गिग वर्कर्स का दर्दनाक सच

आज की युवा पीढ़ी के लिए डिजिटल आज़ादी का सपना अब कठिन हकीकत बन चुका है। समुद्र तट पर काम करने, खुली हवा में लैपटॉप खोलकर पैसे कमाने और दुनिया घूमने की कल्पना अब छोटे-छोटे फ्लैट, बिजली कटौती और लगातार काम के दबाव में उलझकर रह गई है। हर सुबह उठते ही नए प्रस्ताव भेजने की चिंता और कमाई की अनिश्चितता उनके दिन की शुरुआत बन जाती है और रात खत्म होती है रिजेक्शन और अधूरी उम्मीदों की चिंता में। घंटों मेहनत के बावजूद केवल न्यूनतम मजदूरी मिलती है और सोशल मीडिया की चमक-दमक से वास्तविकता का अंतर और गहरा दिखता है। यह कोई डिजिटल नोमैड की स्वप्निल दुनिया नहीं, बल्कि डिजिटल भिखारी बनने की कठोर हकीकत है।

गिग इकोनॉमी में बढ़ी संख्या, पर आय अब भी कम

डिजिटल दुनिया अक्सर धोखा देती है। समुद्र तट पर काम, कॉफी के साथ लैपटॉप और योग करते हुए मीटिंग – यह केवल स्क्रीन पर दिखती झलक है। भारतीय युवा इसे देखकर सोचते हैं कि बस इंटरनेट और लैपटॉप चाहिए, बाकी सब आसान होगा। पर असलियत इससे बिलकुल अलग है। भारत में गिग इकोनॉमी का जाल इतना जटिल है कि स्थिर कमाई और सुरक्षा मुश्किल है। इकोनॉमिक सर्वे 2025-26 के अनुसार गिग वर्कर्स की संख्या 2021 में 7.7 लाख थी, जो 2025 तक 1.2 करोड़ तक बढ़ गई। करीब 40 प्रतिशत की मासिक कमाई 15,000 रुपये से कम है। विदेशी क्लाइंट उन्हें सस्ता विकल्प मानते हैं। यह स्वतंत्रता नहीं, बल्कि नई गुलामी है – मेहनत ज्यादा, कमाई कम, सुरक्षा शून्य।

नौकरी के अवसरों की कमी और एआई के बढ़ते दबाव ने युवा पीढ़ी को फ्रीलांसिंग की ओर धकेल दिया है। स्टार्टअप बंद हो रहे हैं, नियमित रोजगार सिकुड़ रहे हैं और घर बैठे विदेशी मुद्रा कमाने का सपना आकर्षक बन गया है। लेकिन गिग इकोनॉमी में शुरुआत ही कठिन है। लाखों फ्रीलांसर एक ही प्रोजेक्ट के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं। औसतन भारतीय फ्रीलांसर 10-15 डॉलर प्रति घंटा चार्ज करते हैं, जबकि वैश्विक औसत 40 डॉलर से अधिक है। खुद को सस्ता साबित करना उनकी दिनचर्या बन गई है। हर भेजा गया प्रपोजल गुहार की तरह और हर रिजेक्शन चोट की तरह महसूस होता है। यही वह शुरुआत है, जो उन्हें डिजिटल भिखारी बनाती है – जहां क्लाइंट राजा और युवा पूरी तरह उसकी दया पर निर्भर होता है।

यह भी पढ़ें… नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब बिहार किस ओर ?

प्लेटफॉर्म फीस और टैक्स से बढ़ता आर्थिक बोझ

दिन-रात की मेहनत के बावजूद युवा केवल अधूरी सफलता पाते हैं। रात के 3 बजे क्लाइंट के संदेशों का जवाब देना, अनगिनत संशोधन मुफ्त में करना और फिर भी पेमेंट में देरी का सामना करना उनकी सामान्य दिनचर्या बन गई है। प्लेटफॉर्म फीस और टैक्स का बोझ लगातार बढ़ता है, जबकि स्वास्थ्य बीमा, पेंशन या छुट्टी जैसी सुरक्षा का कोई विकल्प नहीं है। अमेरिकी फ्रीलांसरों की तुलना में भारतीय चार गुना कम दर पर काम करते हैं। महीनों की मेहनत के बाद भी बचत नगण्य रहती है। ईएमआई, किराया और रोजमर्रा के बिलों का दबाव लगातार बना रहता है। गिग इकोनॉमी उन्हें बांधती है, लेकिन सुरक्षा नहीं देती। सपना बड़ा, हकीकत कड़वी।

मानसिक दबाव अब स्पष्ट हो चुका है। डिजिटल भिखारी दिन-रात स्क्रीन से चिपके रहते हैं। अलग टाइम जोन की वजह से नींद गायब हो जाती है। लगातार रिजेक्शन और आर्थिक अनिश्चितता डर और बर्नआउट पैदा कर रही हैं। महिलाएं दोहरी जिम्मेदारी झेल रही हैं – घर और गिग दोनों का बोझ। कोई साथ नहीं, कोई यूनियन नहीं। पारंपरिक भिखारी सड़क पर खुलकर मांगते हैं, लेकिन डिजिटल भिखारी अकेले कमरे में टूटता है। युवा पीढ़ी, जो देश का भविष्य थी, अब प्लेटफॉर्म एल्गोरिदम की कैद में है। निराशा बढ़ रही है, आत्मविश्वास घट रहा है।

कमजोर व्यवस्था समस्या को और गहरा कर रही है। शिक्षा केवल डिग्री देती है, स्किल्स नहीं। गिग इकोनॉमी को बढ़ावा तो दिया जा रहा है, लेकिन मजबूत कानून नहीं हैं। श्रमिकों को स्वतंत्र ठेकेदार घोषित करके उनके अधिकार छीने जा रहे हैं। बेरोजगारी के दबाव में युवा इस राह पर आते हैं, लेकिन सुरक्षा शून्य रहती है।

युवाओं को स्किल्स और आत्मनिर्भरता पर देना होगा जोर

अनुमान है कि 2029-30 तक गिग वर्कर्स 2.35 करोड़ तक पहुंच जाएंगे। अधिकांश कम वेतन, अनिश्चितता और थकान में जीवन यापन कर रहे होंगे। विदेशी क्लाइंट्स की दया पर निर्भरता बढ़ रही है, देश और जमीन से कनेक्शन कमजोर हो रहा है।

अब बदलाव का समय है। युवा समझें कि डिजिटल भिखारी बनने का कोई रास्ता नहीं है। स्किल्स में निवेश करें -एआई, विशेष क्षेत्रों और लोकल नेटवर्किंग। स्थिर कॅरियर या वास्तविक उद्यमिता चुनें, जहां सम्मान और सुरक्षा हो। सरकार को गिग वर्कर्स के लिए मजबूत सुरक्षा कानून बनाना चाहिए। सोशल मीडिया की झूठी चमक छोड़ें और हकीकत देखें। सच्ची आज़ादी स्किल और आत्मनिर्भरता से आती है, भीख से नहीं। यदि युवा एकजुट होकर अपनी कीमत तय करें, तो यह दौर बदला जा सकता है।

प्रो.आरके जैन अरिजीत
प्रो.आरके जैन ‘अरिजीत’

युवा पीढ़ी के लिए यह अंतिम चेतावनी है। डिजिटल नोमैड बनने का सपना देखने वाले आज डिजिटल भिखारी बन चुके हैं, जहां उनकी मेहनत, समय और उम्मीदें पूरी तरह दूसरों की दया पर निर्भर हैं। परिवर्तन का सामर्थ्य उनके हाथ में है, लेकिन जागरूकता जरूरी है। अगर आज सचेत नहीं हुए, तो आने वाला कल पूरी युवा पीढ़ी के लिए आर्थिक शोषण और मानसिक दबाव लेकर आएगा। असली स्वतंत्रता केवल कमाई में नहीं, बल्कि आत्म-सम्मान, गरिमा और अपने फैसले लेने की शक्ति में है। उठो युवा, अपनी योग्यता और मूल्य पहचानो – क्योंकि भीख मांगते हुए कोई सच्चा नोमैड या असली स्वतंत्र व्यक्ति कभी नहीं बन सकता।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button