मनुष्य जीवन भी पतंग समान : रमेशजी
हैदराबाद, मकर संक्रांति पर्व पर पतंग उड़ाना हमारे जीवन में ऊपर उठने के लिए एक संकेत है। मनुष्य का जीवन भी एक पतंग के समान ही है। जैसे जब हम पतंग उड़ाते हैं तो कभी वह ठीक से उड़ती ही नहीं, कभी हवा कम चलती है, कभी उड़ी हुई पतंग को दूसरी पतंग काट देती है, कभी हमारी पतंग किसी पतंग को काट देती है, कभी कोई लपेट लेता है और कभी पतंग डूब जाती है।





बिल्कुल इसी तरह अगर हम आध्यात्मिक दृष्टिकोण का चश्मा लगाकर जीवन को देखते हैं तो हमारा जीवन पतंग के समान ही चलता है। कभी जीवन में अनुकूल परिस्थितियाँ आती हैं, कभी प्रतिकूल परिस्थितियाँ आती हैं, कभी किसी का व्यवहार हमें आहत कर देता है और कभी अपने अहंकार के कारण ही हम डूब जाते हैं।
उक्त ज्ञान रोड नं. 10, बंजारा हिल्स स्थित अवर पैलेस में आयोजित संक्रांति सत्संग में सद्गुरु रमेश जी ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यदि हमें अपने जीवन की पतंग इतनी ऊँची उड़ानी है कि वह मन के पार की स्थिति में स्थित हो जाए तो हमें गुरु के चरणों की चरक से लिपट कर रहना है और गुरु ज्ञान की डोर को सदा समर्पित रहना है। गुरु की कृपा ही हमें चेतना के विशाल और उन्मुक्त आकाश में उड़ने का आनंद महसूस कराती है।
यह भी पढ़ें… भक्ति से बढ़कर संसार में कोई संपत्ति नहीं : बोधायन महाराजजी
आध्यात्मिक दृष्टि से चहुमुखी विकास और मोक्ष की प्राप्ति
वेदांत में भी संक्रांति का यही अर्थ बताया गया है। सम का अर्थ है पूर्ण और क्रांति का अर्थ है बदलाव की क्रिया अर्थात हमें अपने दृष्टिकोण को सांसारिकता से हटाकर आध्यात्मिकता की ओर लगाना है तभी जीवन में पूर्ण क्रांति आ सकती है। आध्यात्मिकता में हमारा चहुमुखी विकास होता है और हमें अपने जीवन लक्ष्य यानि मोक्ष की प्राप्ति भी हो जाती है। संक्रांति के विशेष पर्व पर गुरु माँ ने संदेश दिया कि पतंगों की तरह हमें अपने जीवन की बाधाओं को अपने मन में समेट कर नहीं रखना चाहिए।
खुले आकाश में उड़ा देना चाहिए, लेकिन जैसे पतंग उड़ाने के लिए हवा जरूरी है उसी प्रकार हमारी नकारात्मकता को उड़ाने के लिए गुरु ज्ञान आवश्यक है। भजन-कीर्तन जैमिंग, ढोलक मंजीरों के साथ पंजाबी गीत और भक्ति-नृत्य गुरु दर्शन, सानिध्य और कृपा का सभी उपस्थित साधकों और यूट्यूब से जुड़े जिज्ञासुओं ने लाभ उठाया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



