हैदराबाद : ऑटो में यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरफ्तार
हैदराबाद, गोलकोंडा जोन की अफजलगंज पुलिस ने ऑटो में सवार यात्रियों से लूटपाट करने वाले तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। लुटेरों के पास से एक ऑटो और 2,300 रुपये की नकदी बरामद की। यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोलकोंडा जोन के पुलिस उपायुक्त जी. चंद्रमोहन ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर अफजलगंज पुलिस ने छानबीन कर लुटेरों को गिरफ़्तार किया। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को पुरानापुल निवासी सेवानिवृत्त कर्मी पी. दयानंद ने थाने आकर शिकायत की। उसने अपनी शिकायत में बताया कि वह अफजलगंज के 2जे बस स्टॉप के पास पुरानापुल जाने के लिए ऑटो में सवार हुआ।
ऑटो में पहले से ही तीन लोग सवार थे। रास्ते में डेंटल कॉलेज के पास ऑटो में कुछ तकनीकी खराबी आने का हवाला देकर ऑटो रोक दिया गया और उसे ऑटो से उतार दिया गया। कुछ दूर पैदल जाने के बाद दयानंद ने देखा कि उसकी जेब से 1,500 रुपये चुरा लिए गए। शिकायत के आधार पर अफजलगंज इंस्पेक्टर एन. रवि और गुप्तचर इंस्पेक्टर बी. रवि किरण ने मामला दर्ज कर सीसी टीवी वीडियो फुटेज के आधार पर छानबीन करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें… विजयवाड़ा में मिलीं डांट से नाराज होकर लापता हुई बहनें
ऑटो में यात्रियों का ध्यान भटका कर करते थे चोरी
गिरफ्तार आरोपियों में जहाँगीराबाद, बंड्लागुड़ा निवासी ऑटो चालक सय्यद गयाज हाशमी उर्फ गयाज (35), छावनी नादे अली बेग मादन्नापेट निवासी पेशे से पेंटर सय्यद अब्दुल हसन उर्फ काला जामुन (34) और फलकनुमा निवासी ऑटो चालक मो. वसीम (24) शामिल है। इनका एक साथी मोइनबाग निवासी जुबेर लाला फरार है। उन्होंने बताया कि चारों आरोपी अपना गिरोह बनाकर ऑटो में सवार किए गए यात्रियों का ध्यान भंग कर उनके पास से नकदी, सेलफोन, सोने के आभूषण आदि चुरा लेते थे। इसके बाद ऑटो में कुछ खराबी बताकर यात्रियों को ऑटो से उतारकर फरार हो जाते थे।
सय्यद गयाज हाशमी के खिलाफ वर्ष 2012 से वर्तमान समय तक विभिन्न पुलिस थानों में 15 आपराधिक मामले, सय्यद अब्दुल हसन के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फरार आरोपी जुबेर लाला की तलाश की जा रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



