हैदराबाद : विदेशी ड्रग्स तस्कर साथी समेत धरा गया

हैदराबाद, राजेन्द्रनगर पुलिस ने हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत छापा मारकर विदेशी ड्रग्स तस्कर और उसके साथी को गिरफ़्तार कर लिया। इनके पास से 150 ग्राम एमडीएम ड्रग, एक चाकू और चार सेलफोन समेत कुल 25 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजेन्द्रनगर ज़ोन के पुलिस उपायुक्त एस. श्रीनिवास ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के. श्रीनिवास और एसीपी टी. श्रीनिवास के नेतृत्व में इंस्पेक्टर एम. मुत्तू यादव ने छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया। छापे के दौरान पुलिस ने यमन निवासी व टोलीचौकी के रहने वाले अल अखर अबदुराबु मोहम्मद अबदुराबु (37) और उसके साथी बेंगलुरू निवासी व गाजा पैलिस्टाइन के रहने वाले लूडो गेम और कॉन्टेंट क्रिएटर हसन डब्ल्यूए हशीम (28) को गिरफ़्तार किया।

श्रीनिवास ने बताया कि अल अखर अबदुराबु के खिलाफ वर्ष 2019 के दौरान अमीरपेट आबकारी पुलिस थाने में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज़ कर उसे गिरफ़्तार किया गया। किसी प्रकार उसके खिलाफ इसी पुलिस थाने में चार अन्य मामले दर्ज़ हैं। वहीं गत जनवरी माह में टोलीचौकी पुलिस ने भी आरोपी के ख़िलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज़ किए।

2009-2011 में भारत में बीसीए की पढ़ाई अधूरी छोड़ दी

आरोपी को तीन बार गिरफ़्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि अबदुराबू वर्ष 2008 के दौरान पुणे आया और दो माह रहने के बाद वापस चला गया। इसके बाद वर्ष 2009 के दौरान वह स्टूडेंट वीजा पर भारत आकर भारत कॉलेज, पुणे में बीसीए में दाखिला लिया, लेकिन पढ़ाई अधूरी छोड़ दी। वर्ष 2011 के दौरान वह हैदराबाद आ गया और सिक्किम मणिपाल यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई प्रारंभ की, लेकिन इसे भी अधूरा छोड़ दिया।

वर्ष 2012 के दौरान वह यमन चला गया और गत अगस्त-2015 में वह स्टूडेंट वीजा पर हैदराबाद आया। 4 सितंबर, 2015 को वीजा की अवधि समाप्त होने पर उसने यमन से वीजा की अवधि 31 दिसंबर, 2016 तक बढ़वा ली। उसके पासपोर्ट की समयावधि 16 अप्रैल, 2020 को समाप्त हो चुकी थी। जेएनटीयू हैदराबाद में उसने कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम में बी.टेक की पढ़ाई प्रारंभ की, लेकिन इसे भी बीच में छोड़ दिया।

इस दौरान उसकी फिलिस्तीन निवासी व दिल्ली में रहने वाले ड्रग्स तस्कर चिडी से हुई। चिडी से उसकी मुलाकात एक और फिलिस्तीनी नागरिक सईद अली मोहम्मद अल काफरी के जरिए हुए थी। चिडी को वर्ष 2024 के दौरान पंजागुट्टा पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था। चिडी को गिरफ्तार होने से पहले 8 माह तक अबदुराबू ने पनाह दी थी। चिडी से संपर्क में आने के बाद अबदुराबू स्वयं के सेवन के लिए ड्रग्स खरीदने के अलावा ड्रग्स की तस्करी भी करने लगा था। गत 8 जनवरी को टोलीचौकी पुलिस ने 150 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ चिडी को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि अबदुराबू को कई बार अमीरपेट आबकारी पुलिस के अलावा एमजी रोड पुलिस बेंगलुरू ने भी गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद के बाचुपल्ली में भीषण आग, 50 फर्नीचर दुकानें जलकर खाक

हसन हशीम से मुलाकात के बाद अबदुराबु ने ड्रग्स तस्करी शुरू की

इस दौरान उसकी फिलिस्तीन निवासी हसन हशीम से मुलाकात हुई और दोनों मिलकर ड्रग्स की तस्करी करने लगे। हसन वर्ष 2016 के दौरान स्टूडेंट वीजा पर भारत आया और कर्नाटक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एण्ड साइंस में उसने बीसीए पाठ्यक्रम में दाखिला लिया। कोविड संकटकाल के दौरान वह अपने वतन लौट गया और टर्की में रहते हुए उसने वहीं से ऑनलाइन स्तर पर अपनी पढ़ाई पूर्ण की।

मार्च-2022 के दौरान बिजनेस वीजा पर दिल्ली पहुँचा इसके बाद उसे येलहंका न्यू टाउन पुलिस ने सूडान निवासी फरेज मख्तार के साथ गिरफ्तार कर उनके पास से 300 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया। जेल में रहने के दौरान इन दोनों का अबदुराबु मोहम्मद से परिचय हुआ। तीनों के बीच गहरे संबंध बन गए। सात माह बाद जेल से रिहा होने के बाद हसन बेंगलुरू के अस्पताल में एजेंट के रूप में काम करने लगा था।

कुछ दिन उसने होटल का व्यापार भी किया, लेकिन घाटा होने के कारण वर्ष 2024 के दौरान यह व्यापार बंद कर दिया। इसके बाद से वह लुडो गेम के कॉन्टेंट क्रिएटर के रूप में काम करने लगा था। उसने अब दुराबू मोहम्मद से फेसबुक के जरिए संपर्क कर ड्रग्स तस्करी प्रारंभ की। अबदुराबु को अपने घर पर शरण देते हुए वह उसके साथ मिलकर तस्करी कर रहा था। कल इन दोनों को राजेन्द्रनगर पुलिस ने 150 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button