हैदराबाद : पुत्र के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या

हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र साइबराबाद के जीडिमेट्ला थाना परिधि में एक महिला ने अपने 20 वर्षीय पुत्र के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी और उसका शव ठिकाने लगाने का प्रयास किया। इस दौरान स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के आधार पर मौके पर पहुँची पुलिस ने महिला और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गांधी अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया।
जीडिमेट्ला पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय ने बताया कि जी. अरुणा अपने पति की मौत के बाद से अपने पुत्र साई रत्नम (20) को लेकर अंबेडकर नगर में शिवा रेड्डी (40) के साथ सहजीवन बिता रही थी। शिवा रेड्डी मूलत आंध्र-प्रदेश के अन्नमय्या ज़िले का रहने वाला था। शिवा रेड्डी हैदराबाद में रहते हुए मजदूर के रूप में कार्यरत था और अरुणा भी साफ-सफाई का काम करती थी। उसका लड़का साईरत्नम मटन शॉप में नौकरी कर रहा था।
यह भी पढ़ें… भीषण आग से 12 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान
शराब की लत और मारपीट से परिवार परेशान
बताया जाता है कि शिवा रेड्डी को शराब पीने की लत थी और वह रोज रात नशे में घर लौटकर अरुणा और उसके पुत्र के साथ मारपीट करता था। दोनों उसकी प्रताड़ना से तंग आ चुके थे, इसलिए दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की ठान ली। अरुणा ने शिवा रेड्डी की हत्या करने के लिए साई रत्नम के जरिए मांस काटने की बड़ी चाकू मंगवाई। इसके बाद साजिश के तहत शराब के नशे में गहरी नींद में सो रहे शिवा रेड्डी का दोनों ने मिलकर चाकू से गला काट दिया।
शिवा रेड्डी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों शिवा रेड्डी के शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों की जानकारी पर मौके पर पहुँची पुलिस ने दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



