हैदराबाद: कार किराये पर लेकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 2 ठग गिरफ्तार

हैदराबाद, चिलकलगुडा पुलिस ने कारों को किराये पर लेकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने इस गिरोह से कुल आठ कारें बरामद की हैं।
ईस्ट जोन के पुलिस उपायुक्त बी. बाला स्वामी और अतिरिक्त डीसीपी जे. नरसय्या ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एस. प्रवीण कुमार (44) और जी. अमरेंद्र (32) के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा आरोपी मोहम्मद रिजवान (33) फरार बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना प्रवीण लोगों को लुभावने किराये के ऑफर देकर अपनी ठगी का शिकार बनाता था। वह 7-सीटर कार के लिए प्रतिमाह ₹25,000 और 5-सीटर कार के लिए ₹20,000 किराये का वादा करता था। इस झांसे में आकर कई लोगों ने अपनी गाड़ियाँ उसके हवाले कर दीं।
अंबरपेट निवासी एन. ज्ञानेश्वर और उसके दोस्तों ने अपनी कुल आठ कारें आरोपियों को दी थीं। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी किराये का भुगतान नहीं किया गया। जब पीड़ितों ने अपनी गाड़ियों की जानकारी मांगी, तो प्रवीण ने उन्हें बताया कि कारें उसके दोस्तों रिजवान और अमरेंद्र के पास हैं।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रवीण और अमरेंद्र को गिरफ्तार किया तथा आठों कारें बरामद कर लीं। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त के. शशांक रेड्डी और इंस्पेक्टर बी. अनुदीप सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



