हैदराबाद : श्री जैन सेवा संघ चुनाव में मतगणना विवाद, परिणाम अटका
हैदराबाद, श्री जैन सेवा संघ के चुनाव के परिणाम को आरोप-प्रत्यारोप के चलते नहीं जारी किया गया। चुनाव प्रबंधन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मुख्य प्रतिद्वंद्वी समूहों की सहमति से परिणाम जारी किया जाएगा। वाद-विवाद के चलते उत्पन्न अवरोधों के बीच मतगणना का काम पूरा किया गया, लेकिन सहमति नहीं बनने के कारण परिणाम जारी नहीं हो सका।
रविवार को जामबाग स्थित विवेक वर्धिनी मैदान में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के पश्चात वोटों की गिनती का काम शुरू होने पर दो प्रमुख प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। इसके चलते मतगणाना को रोक देना पड़ा। संस्था से जुड़े सूत्रों ने बताया कि एक समूह ने अपने प्रतिद्वंदी समूह पर डुप्लीकेट पहचान पत्र का इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें… एनआईए ने किया माओवादी लिंक के आरोप में एनय्या को गिरफ्तार
मतदान स्थल पर नकली पहचान और वोट चोरी के आरोप के कारण विवाद
मतदान स्थल पर नकली पहचान पत्र पाए जाने का दावा करते हुए वोट चोरी से संबंधित नारे भी लगाए गए। विवाद बढ़ने पर मतगणना को रोक दिया गया, जिसे बाद में पूरी करने पर सहमति बनी। साथ ही तय किया गया कि दोनों पक्षों की रजामंदी से ही परिणाम जारी होगा। विवाद के दौरान बडी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा बातचीत के जरिये समाधान निकालने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन एक समूह मतगणना स्थल से चला गया।
मौके पर मौजूद एसीपी मटय्या ने चुनाव प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों तथा दोंनों पक्षों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया। सभी की सलाह पर उन्होंने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया आज ही (रविवार) पूरी कर ली जाएँगी। परिणाम भले ही बाद में घोषित होगा। उन्होंने दोनों पक्षों से सलाह दी कि आपसी बातचीत से मामले को सुलझा लेना बेहतर है।
यदि विवाद का समाधान नहीं होगा, तो अदालत के जरिए समस्या का हल निकालना होगा, जो काफी लंबी प्रक्रिया होती है। उन्होंने मतगणना स्थल पर मौजूद लोगों से किसी प्रकार की नारे बाजी करने और आरोप प्रत्यारोप से बचने की अपील की। चुनाव प्रबंधन के सूत्रों ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप एवं परामर्श के बाद मतगणना का काम शुरू कर दिया गया। चुनाव परिणाम को सील बंद लिफाफे में सुरक्षित रख लिया जाएगा। जिसकी घोषणा दोनों पक्षों से बातचीत के बाद की जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



