हैद्रा : पुनरुद्धार के बाद दो तालाब उद्घाटन के लिए तैयार
हैदराबाद, हैदराबाद आपदा प्रबंधन एवं संपदा संरक्षण एजेंसी हैद्रा आयुक्त रंगनाथ ने कहा कि पुराने शहर के बामरुकनुद्दौला तालाब झील और कुकटपल्ली स्थित नल्ला चेरुवू के विकास कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। शहर के ये दो तालाब शीघ्र ही जनता के लिए उपलब्ध होंगे।
रंगनाथ ने कहा कि आगामी 6 मार्च को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी बामरुकनुद्दौला तालाब के पास सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दो-तीन दिनों के भीतर कुकटपल्ली नल्ला चेरुवू को भी शहरवासियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। हैद्रा द्वारा पहले चरण में अंबरपेट स्थित बतुकम्मा कुंटा का पहले ही उद्घाटन किया जा चुका है। आयुक्त ने बताया कि पुराने शहर के बामरुकनुद्दौला तालाब के चारों ओर वॉकिंग ट्रैक बनाया गया है और बांध को मजबूत किया गया है।
बामरुकनुद्दौला तालाब में ओपन जिम और बच्चों का प्ले एरिया तैयार
यहां ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया और बुजुर्गों के लिए विश्राम स्थल विकसित किए गए हैं। झील के चारों ओर औषधीय पौधे और छायादार पेड़ लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। कुकटपल्ली क्षेत्र में स्थित नल्ला चेरुवू अतिक्रमण और गंदे पानी के कारण खराब स्थिति में पहुंच गई थी। हैद्रा ने अतिक्रमण हटाकर तालाब का पुनर्विकास किया। 16 अवैध व्यापारिक शेड हटाए गए और वर्षों से जमा गाद तथा निर्माण मलबा साफ किया गया। लगभग तीन मीटर तक मिट्टी निकालने के बाद तालाब का क्षेत्रफल लगभग दोगुना हो गया।
यह भी पढ़ें… टीबी रोगियों की सहायता के लिए ‘प्रॉजेक्ट ओजस’ प्रारंभ
पहले 16 एकड़ तक सिमट चुका तालाब अब लगभग 30 एकड़ तक फैल गया है। यहां बोटिंग की सुविधा भी विकसित की गई है। आसपास का वातावरण काफी सुहावना हो गया है। आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने बताया कि तालाब में सात इनलेट बनाए गए हैं ताकि वर्षा का पानी आसानी से इसमें पहुंचे और बाढ़ की समस्या कम हो। आउटलेट भी विकसित किए गए हैं और सीवेज का पानी तालाब में न मिले, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



