कामरा को पुलिस ने किया तलब
मुंबई/नई दिल्ली, महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए कथित रूप से आपत्तिजनक शब्द के इस्तेमाल को लेकर अपने रुख पर अड़िग हास्य कलाकार कुणाल कामरा ने माफी माँगने से इनकार कर दिया। वहीं शिंदे ने कामरा को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की मर्यादा व सीमा बनाए रखने की हिदायत दी और जोर देकर कहा कि वह तोड़-फोड़ का समर्थन नहीं करते।
कामरा ने मुंबई में कार्यक्रम के दौरान विवादास्पद टिप्पणी से मचे घमासान के बाद सोमवार देर रात को एक पोस्ट में कहा कि मैं माफी नहीं माँगूँगा, मैं इस भीड़ से नहीं डरता और मैं अपने बिस्तर के नीचे छिपकर इसके शांत होने का इंतजार नहीं करूंगा। वहीं शिंदे ने कामरा द्वारा उनके बारे में की गई टिप्पणी की तुलना सुपारी लेकर किसी के खिलाफ बोलने से करते हुए कहा कि कटाक्ष करते समय मर्यादा बनाए रखनी चाहिए, अन्यथा क्रिया की प्रतिक्रिया होती है।
मुंबई पुलिस ने कामरा को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि 36 वर्षीय कामरा को मानहानि के एक मामले में मुंबई में खार थाने में पेश होने को कहा गया है। कामरा अक्सर सत्ता-विरोधी विचारों के कारण विवादों में रहे हैं। कामरा ने शिवसैनिकों द्वारा स्टूडियो में तोड़-फोड़ करने का एक संपादित वीडियो पोस्ट कर अपने रुख को और मजबूत किया। इस वीडियो में स्टूडियो के अंदर शिवसेना के कार्यकर्ताओं को तस्वीरों जलाते हुए देखा जा सकता है। साथ ही वीडियो में कुणाल हम होंगे कंगाल, हम होंगे कंगाल एक दिन, मन में अंधविश्वास, देश का सत्यानाश गाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
कामरा के विवादित बयान और शिवसेना कार्यकर्ताओं की तोड़-फोड़
कामरा ने अपने एक्स हेडर फोटो पर एक डिस्क्लेमर लगाया है, जिसमें लिखा है इस कार्यक्रम में अभद्र भाषा, आपत्तिजनक सामग्री है और यह उन लोगों के लिए अनुपयुक्त है, जिनकी भावनों आहत हो सकती हैं। अगर आप इसे स्वेच्छा से देख रहे हैं और इस कारण होने वाले किसी भी आक्रोश या चोट के लिए कोई और नहीं, बल्कि आप ही जिम्मेदार हैं।
कामरा के इंस्टाग्राम बायो से प्रतीत होता है कि वह पुडुचेरी में हैं। शिंदे ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बीबीसी मराा को बताया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। हम व्यंग्य को समझते हैं, लेकिन इसकी एक सीमा होनी चाहिए। यह सुपारी लेकर किसी के खिलाफ बोलने जैसा है। शिंदे ने शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा स्टूडियो में तोड़-फोड़ किए जाने पर कहा कि अन्यथा क्रिया की प्रतिक्रिया होती है।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं बोलूँगा। मैं तोड़-फोड़ किए जाने को उचित नहीं हराता। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने रविवार रात को खार स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़-फोड़ की थी और साथ ही उस होटल को भी नुकसान पहुँचाया, जहाँ ये स्टूडियो था। पुलिस ने सोमवार को शिवसेना के पदाधिकारी राहुल कनाल और 11 अन्य कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल पर तोड़-फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन मुंबई की एक अदालत ने उन्हें उसी दिन जमानत दे दी।
यह भी पढ़ें… शिक्षा मंत्रालय ने की “बालपन की कविता पहल” की नई पहल
कामरा के बयान पर प्रतिक्रियाएँ: समर्थन और आलोचना
कामरा ने सोमवार रात को एक बयान जारी कर कहा कि मैंने जो कहा कि वह बिलकुल वैसा ही है जैसा कि अजित पवार (उप-मुख्यमंत्री) ने एकनाथशिंदे (उप-मुख्यमंत्री) के बारे में कहा था। मैं भीड़ से नहीं डरता। उन्होंने कहा कि किसी शक्तिशाली सार्वजनिक व्यक्ति पर किया गया मजाक सहने में आपकी असमर्थता मेरे अधिकार की प्रकृति को नहीं बदलती।
जहाँ तक मुझे पता है, हमारे नेताओं और हमारी राजनीतिक व्यवस्था के सर्कस का मजाक उड़ाना कानून के विरुद्ध नहीं है। हालाँकि, मैं अपने खिलाफ किसी भी वैध कार्रवाई के लिए पुलिस और अदालतों के साथ सहयोग करने को तैयार हूँ। इस मुद्दे पर हर तरफ से प्रतिक्रियाएँ आ रही हैं, जहाँ कई लोग कामरा का बचाव कर रहे हैं तो वहीं अन्य लोग कामरा की इस बात के लिए आलोचना कर रहे हैं कि उन्होंने बातों को बहुत आगे बढ़ा दिया है।
विपक्षी शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा) पार्टी की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि शिंदे के गुंडों ने कामरा को सही साबित कर दिया है। चतुर्वेदी ने एक्स पर लिखा, कुणाल ने किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने बस इतना कहा कि एक दाढ़ी वाला आदमी गुवाहाटी गया था और फडणवीस की कपुतली था। शिंदे के गुंडों को क्या लगा कि यह उनके शीर्ष नेता के बारे में था, जो वहाँ तोड़-फोड़ करने चले गए?
फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने भी कामरा का बचाव करते हुए कहा कि असहमति और उकसावा चाहे कितनी भी गंभीर क्यों न हो हिंसा, धमकी और अपमान उचित नहीं है। दिग्गज निर्देशक ने लगभग 25 वर्ष पहले शिवसेना के साथ अपने अनुभव को याद करते हुए एक सिलसिलेवार पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने तत्कालीन अविभाजित राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा उनके कार्यालय में तोड़-फोड़ की बात कही। शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि कामरा किसी के सामने झुकेंगे नहीं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



