ज़िंदगी तवे जैसी है जनाब
रोटी के बाद सबसे ज्यादा खाई जाने वाली चीज कसम है, गुटखा शायद तीसरे नंबर पर होगा। गर्म तवे पर रोटियां सेंकना आज की सबसे बड़ी सच्चाई है। पर पहले भी यही होता होगा, तभी तो यह कहावत बनी। कुछ लोग तो गर्म तवे पर रोटी सेंकने के इतने आदी हैं कि दूसरों की आंच से भी अपना परांठा निकाल लेते हैं। और जब बात बन जाये तो तवे से उतरते ही रोटी एक ही पल में तवे को भूल जाती है।
ज़िंदगी भी एक तवा है। तवे की रोटी को अगर समय पर ना पलटो तो या तो जल जाती है या अधपकी रह जाती है। अगर ज़िंदगी में खुद को न पलटो तो एक साइड तो जल ही जायेगी। तवा स्वयं शांत और स्थिर होता है पर उसके नीचे जलती आग ही उसे सार्थकता देती है। बिना ताप के वह बस धातु का एक टुकड़ा है। ठीक ऐसे ही हमारा जीवन भी बिना संघर्षों की आँच के अधूरा है। ये मुश्किलें, ये चुनौतियाँ, ये विपरीत परिस्थितियाँ ही तो हैं जो हमें तपाती हैं।
यह भी पढ़ें… पेरिस एआई समिट का हासिल
जीवन और राजनीति का तवा: सीख और सच्चाई
ये हमें कच्चा नहीं रहने देतीं, हमें भीतर से मजबूत बनाती हैं, जीवन के असली रंग दिखाती हैं। कभी परीक्षाओं का ताप, कभी रिश्तों की उलझनें तो कभी सपनों को पूरा करने की जद्दोजहद, ये सब उस तवे की आग की तरह हैं जो हमें आकार देती हैं। जैसे तवे पर कोई व्यंजन जलने से बचने के लिए लगातार पलटा जाता है, वैसे ही जीवन भी हमें बार-बार परिस्थितियों के अनुसार ढलना और बदलना सिखाता है। हमें झुकना भी पड़ता है और उठाना भी, कभी तेज आँच पर पकना पड़ता है तो कभी धीमी आँच पर धैर्य रखना होता है।
राजनीति भी किसी तवे से कम नहीं। यह अपना तवा सदा गर्म रखती है। भ्रष्टाचार इस तवे का देसी घी है। इसी के सहारे नेताओं की थालियां सजती हैं। अगर आम आदमी की रोटी से कोई नेता खिलवाड़ करे तो झुलसती रोटी की तरह जनता जनार्दन का गुस्सा और आंसू सिंहासन तक को फूंक देते हैं। जो जनता की नब्ज़ नहीं समझता, वो कोई पकवान नहीं बना सकता। जो आमजन को कच्ची-पक्की रोटी देता है और अपने लिये परांठे सेकता है तो जनता उसकी साख से लेकर सत्ता तक सब कुछ झुलसा देती है और शासक के हाथ में सिर्फ राख बचती है।
एक बार की बात है अक जंगल म्हं भालू देखते ही नत्थू सांस रोक कै जमीन पै लेट ग्या। जद भालू उस धोरै पहोंच्या तो उसके कान म्हं धीरे सी बोल्या- आज भूख कोणी, नीं तो तेरी सारी होशियारी एक्के मिनट म्हं काढ देता।
शमीम शर्मा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



