महावतार नरसिंह : बी प्राक के गीत ‘आस्था दहाड़ेगी’ का प्रोमो जारी

मुंबई , महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की दिव्य दुनिया को दर्शाते हुए ‘महावतार नरसिंह’ का नया गीत ‘फेथ विल रोर’ रिलीज़ हो गया है। इस म्यूज़िकल प्रोमो में भगवान विष्णु के सबसे उग्र अवतार की झलक भव्य दृश्यों और बी प्राक की भावपूर्ण आवाज़ के साथ दिखाई गई है।

‘फेथ विल रोर’ ट्रैक फिल्म के अद्भुत वीएफएक्स और रोमांचक पलों की झलक देता है। रौंगटे खड़े कर देने वाले बैकग्राउंड स्कोर के साथ यह स्पष्ट करता है कि फिल्म बड़े पर्दे पर अब तक की सबसे भव्य विजुअल स्टोरी पेश करने वाली है। संस्कृत में लिखे गए बोल भगवान नरसिंह की आभा, अनिवार्यता, शक्ति और क्रोध को दर्शाते हैं। राक्षसों के संहार से लेकर भक्तों की रक्षा तक, यह गीत अच्छाई और बुराई के संघर्ष की गहराई को दिखाता है। दृश्य आस्था और भक्ति को घृणा और क्रूरता के विरुद्ध प्रतीक रूप में प्रस्तुत करते हैं। इस गीत को बी प्राक ने गाया है और सैम सीएस ने कंपोज, अरेंज और प्रोग्राम किया है।

यहां देखें प्रोमो:


एनिमेशन फिल्म का ट्रेलर प्रह्लाद की कहानी को दर्शाता है, जो भगवान विष्णु के परम भक्त होते हैं और अपने पिता हिरण्यकश्यप का विरोध करते हैं। हिरण्यकश्यप एक शक्तिशाली नास्तिक होते हैं जिन्हें ब्रह्मा से अमरता का वरदान मिला होता है। फिल्म इसी संघर्ष के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें प्रह्लाद की अडिग भक्ति और पारिवारिक विरोध के बीच की कथा को दर्शाया गया है।

फिल्म के निर्देशक अश्विन कुमार ने आईएफएफआई गोवा के एक कार्यक्रम में बताया कि यह कहानी तीन प्राचीन पुराणों पर आधारित है। उन्होंने कहा, “हम इस धारणा को बदलना चाहते थे और सभी वर्गों के दर्शकों के लिए एक फिल्म बनाना चाहते थे। ‘महावतार नरसिंह’ के माध्यम से हमने साबित किया है कि भारतीय वीएफएक्स और एनीमेशन वैश्विक मानकों पर खरे उतर सकते हैं।”

महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है यह फिल्म

‘महावतार नरसिंह’ होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शन्स के महत्वाकांक्षी एनीमेटेड फ्रैंचाइज़ी ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ का हिस्सा है, जो एक दशक से अधिक समय तक भगवान विष्णु के दिव्य अवतारों की कथा को दर्शाएगा। इसमें ‘महावतार नरसिंह’ (2025), ‘महावतार परशुराम’ (2027), ‘महावतार रघुनंदन’ (2029), ‘महावतार द्वारकानाथ’ (2031), ‘महावतार गोकुलानंद’ (2033), ‘महावतार कल्कि पार्ट 1’ (2035) और ‘महावतार कल्कि पार्ट 2’ (2037) जैसी फिल्में शामिल हैं।

‘महावतार नरसिंह’ का सह-निर्माण शिल्पा धवन, कुशल देसाई और चैतन्य देसाई ने क्लीम प्रोडक्शन्स के बैनर तले किया है और इसे होम्बले फिल्म्स प्रस्तुत कर रही है। यह महाकाव्य एनीमेशन फिल्म 3डी में और हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल और मलयालम – इन पाँच भारतीय भाषाओं में रिलीज़ की जाएगी।फिल्म 25 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button