महेश फाउंडेशन का द्वितीय मेडिकल उपकरण सेवा केन्द्र बाहेती भवन में उद्घाटित
हैदराबाद, महेश फाउंडेशन के द्वितीय मेडिकल एवं इक्विपमेंट सेवा केन्द्र का उद्घाटन सिद्दिअम्बर बाजार स्थित बाहेती भवन में आज समाजसेवी नारायणलाल बाहेती द्वारा किया गया। अवसर पर महेश फाउंडेशन के अध्यक्ष रमेश चंद कलंत्री ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि महेश फाउंडेशन कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निष्ठा से कार्य कर रहा है। हमारे प्रमुख कार्यक्रम में फैमिली सिक्योरिटी स्कीम, विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना, महेश प्रिविलेज कार्ड, थैलेसीमिया सेंटर तथा जरूरतमंद परिवार को मासिक सहायता शामिल हैं। इन सभी सेवा कार्यों में माहेश्वरी समाज के बंधु सहयोग प्रदान करते हैं।

जल्द ही आउट स्टेशन से आने वाले माहेश्वरी छात्रों के लिए हॉस्टल खोलने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए यदि कोई स्थान उपलब्ध हो तो अवश्य बतायें। आपके योगदान से माहेश्वरी छात्रों का उज्ज्वल भविष्य बनेगा। हॉस्टल के लिए विशेष रूप से निंबोली अड्डा, इसामिया बाजार, हिमायतनगर, आरटीसी क्रॉस रोड क्षेत्र, जो मेट्रों से कनेक्ट हों, तो सुविधा होगी। इन जगहों पर कोई स्थान हो तो उसकी सूचना महेश फाउंडेशन को अवश्य दें, ताकि उचित कार्य किया जा सके। इस वर्ष सीएसआर फंड से जो सहयोग प्राप्त हुआ है, उसके लिए आभार व्यक्त करते हैं। आशा है आगे भी सहयोग मिलेगा।
द्वितीय सेंटर बाहेती भवन में, बाहेती परिवार ने दिया स्थान
अध्यक्ष ने कहा कि महेश फाउंडेशन का पहला मेडिकल उपकरण सेंटर तापड़िया डायग्नोस्टिक मुशीराबाद में आरंभ हुआ, जहाँ से कई लोग सेवा प्राप्त कर रहे हैं। इसके लिए डॉ. राधेश्याम तापडिया व टीम के आभारी हैं, जिन्होंने स्थान प्रदान किया। सेवा की इस प्रेरणा से ही द्वितीय सेंटर बाहेती भवन में आरंभ किया गया है, जिसके लिए बाहेती परिवार द्वारा निशुल्क स्थान प्रदान किया गया। केन्द्र में जरूरतमंद को निशुल्क उपकरण उपलब्ध करवाये जाएंगे। इसी प्रकार तीसरे सेंटर के लिए सिकंदराबाद माहेश्वरी भवन ने आश्वासन दिया है जिसे अप्रैल में उद्घाटन के बाद आरंभ किया जाएगा।
जगह उपलब्ध होने पर चौथा सेंटर भी खोल सकते हैं। इसी प्रकार थैलेसीमिया रोगियों की सेवा के लिए व्यक्तिगत डोनेशन की सुविधा है। समाजबंधु इससे जुड़कर सहयोग कर सकते हैं। प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. राधेश्याम तापड़िया ने कहा कि मेडिकल उपकरण सेंटर बहुत ही उपयोगी है। रोगी उपकरण का उपयोग करने के बाद उसे शीघ्र लौटायें, ताकि दूसरों को सेवा मिल सके, क्योंकि कई बार उपकरण के अभाव में परेशानी होती है। इस सेवा के लिए महेश फाउंडेशन का आभार है जिनसे जुड़कर तापड़िया डायग्नोस्टिक सेवा दे रहा है। थैलेसीमिया सेंटर भी चल रहा है। रक्तदान शिविर लगाकर रक्त एकत्र कर रोगियों को निशुल्क सेवा दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त जो बच्चे डायबिटीज का शिकार हैं, उनके लिए इंसुलिन सहित अन्य परामर्श, इंजेक्शन आदि की सेवा निशुल्क दी जाती है।
जन्मदिन और समारोह पर दान कर सेवा में सहयोग करने का आग्रह
इस सेवा के लिए भी महेश फाउंडेशन एवं समाजसेवी सहयोग दें तो अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को सेवा दी जा सकेगी। समाजबंधु अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ व अन्य समारोह पर कुछ राशि दान कर सेवा में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेंटर की संख्या पांच तक पहुँचाने का वर्तमान में लक्ष्य है। दिलसुखनगर, कुकटपल्ली आदि में प्रयास किए जाएंगे। चार पांच सेंटर होंगे तो स्थानीय लोगों को सहयोग मिलेगा।
महेश फाउंडेशन के पूर्व अध्यक्ष नारायणलाल बंग ने कहा कि यह सेवा पौने दो साल से की जा रही है और अब तक सात-आठ सौ लोगों ने सेवाएं प्राप्त की हैं। यह सेंटर समाज के लिए उपयोगी है। बाहेती परिवार के सहयोग से दूसरा केन्द्र खोला है जो ज्यादातर समाज बंधुओं के लिए सुविधाजनक रहेगा। तीसरा सेंटर ताड़बन हनुमान मंदिर के पास नये माहेश्वरी भवन में उद्घाटन के बाद आरंभ होगा। इससे बड़ी संख्या में समाज के लोगों को लाभ होगा। फाउंडेशन के कार्य सराहनीय हैं।
आगे भी सेवा जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के हॉस्टल के लिए स्थल प्रदान करने पर विशेष ध्यान देंगे तो यह सपना भी जल्द साकार होगा। जोधपुर में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा में माहेश्वरी जॉब कनेक्ट को हैदराबाद में महेश फाउंडेशन द्वारा आरंभ किये जाने का प्रयास जारी है। समाजसेवी नारायण लाल बाहेती ने कहा कि महेश फाउंडेशन काफी अच्छे कार्य कर रहा है। अवसर पर मुकुंद बाहेती ने कहा कि महेश फाउंडेशन के इस सेंटर को आरंभ करने के लिए स्थान देना बाहेती परिवार के लिए सौभाग्य की बात है। हमारे दादाजी का मकसद भी यही था कि यह भवन जरूरतमंदों के काम आये।
यह भी पढ़ें… नार्म में क्षमता भवन उद्घाटित
बाहेती परिवार का सहयोग महेश फाउंडेशन सेंटर में जारी
इस सेंटर में बाहेती परिवार का सहयोग रहेगा। अवसर पर अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति अरुण कुमार भांगड़िया ने कहा कि महेश फाउंडेशन बहुत ही अच्छा कार्य कर रहा है। हॉस्टल की योजना लागू करने का महासभा की ओर से आश्वासन देते हैं। महासभा के देशभर में 21 हॉस्टल चल रहे हैं। इसके साथ ही कई गतिविधियां चल रही हैं। बाहेती परिवार को सेटंर आरंभ करने के लिए आभार है। सभी ने योगदान दिया है जो सराहनीय है।
मंत्री लक्ष्मीनारायण बांगड़ ने सभी का महेश फाउंडेशन की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस द्वितीय सेंटर से व्हील चेयर, बैग्स, ऑक्सीजन कॉन्सनट्रेशन, वॉकर, ऑक्सीजन सिलेंडर आदि की सुविधा निशुल्क रूप से जरूरतमंद को उपलब्ध करवाई जाएगी। उपकरण का उपयोग कर जरूरत न होने पर तुरंत वापस करें। बाहेती भवन की निशुल्क सेवा के लिए बाहेती परिवार का आभार प्रकट करते हैं।
साथ ही सीएसआर के लिए दान करने वालों के आभारी हैं। कार्यक्रम का संचालन युवा विंग के अध्यक्ष डॉ. अजय लाहोटी एवं मंजूलता असावा ने किया। अवसर पर कोषाध्यक्ष विष्णु पंसारी सहित मुकुंद बाहेती, हरिनारायण राठी, उमेश राठी, संजय लाहोटी, कैलाश नारायण भांगडिया, कैलाश डालिया, बुद्धि प्रकाश तोष्णीवाल, गोविन्द नावंदर, हनुमान मालू, श्यामसुन्दर बाहेती, घनश्याम बजाज, राजेन्द्र गगड़, गोपाल बंग, राधेश्याम राठी, नंद गोपाल भट्टड़, महेश फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य व समाज बंधु उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



