मानसिक विकास हो मानव अस्तित्व का अंतिम लक्ष्य : राज्यपाल

हैदराबाद विश्वविद्यालय का 25वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित

हैदराबाद, हैदराबाद विश्वविद्यालय का 25वाँ दीक्षांत समारोह गच्ची बावली स्थित ब्रह्मकुमारी शांति सरोवर के ग्लोबल पीस ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। राज्यपाल एवं हैदराबाद विश्वविद्यालय के मुख्य रेक्टर जिष्णु देव वर्मा की उपस्थिति में आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. कृष्णा एला उपस्थित थे। अवसर पर 1,717 छात्रों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। साथ ही 182 स्वर्ण पदक तथा 242 पीएचडी डिग्री दी गईं।

राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने अपने संबोधन में दीक्षांत समारोह को बेहतर भविष्य के लिए कड़े परिश्रम तथा दूरदर्शिता का उत्सव बताया। डॉ. बी.आर. अंबेडकर का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मन का विकास मानव अस्तित्व का अंतिम लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने छात्रों को प्रौद्योगिकी को करुणा तथा सहानुभूति के साथ जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी को मानवता की सेवा करनी चाहिए, न कि उसकी जगह लेनी चाहिए। राज्यपाल ने डिग्री हासिल करने वाले छात्रों से विनम्र रहने, दूसरों के लिए अवसर पैदा करने और उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व करने का आह्वान किया।

राष्ट्र के विकास के लिए करें ज्ञान का उपयोग

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति न्यायमूर्ति एल. नरसिम्हा रेड्डी ने दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुएछात्रों, पीएचडी धारकों तथा पदक विजेताओं को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। साथ ही विश्वविद्यालय के उच्च शैक्षणिक और अनुसंधान मानकों को बनाए रखने में कुलपति प्रो. बी.जे. राव तथा संकाय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्रों से अपने ज्ञान का उपयोग राष्ट्र के विकास के लिए करने का आग्रह करते हुए महामारी के दौरान डॉ. कृष्णा एला और भारत बायोटेक के योगदान को प्रेरक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सदैव ईमानदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा देश प्रेम से प्रेरित होनी चाहिए।

नवाचार हेतु कौशल और कल्पनाशीलता आवश्यक

डॉ. कृष्णा एला ने दीक्षांत समारोह में मुख्य भाषण देते हुए छात्रों को भारत को आगे बढ़ाने के लिए नवाचार, कौशल और कल्पनाशीलता पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने पिछले चालीस वर्षों से हैदराबाद विश्वविद्यालय के साथ अपने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की डिग्री ज्ञान देती है, लेकिन नवाचार को सार्थक बनाने के लिए कौशल और कल्पनाशीलता को जोड़ना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें… राज्यपाल ने किया 76वें टीबी सील सेल अभियान का उद्घाटन

डॉ. कृष्णा एला ने विज्ञान और वैक्सीन विकास के सफर को साझा करते हुए व्यावहारिक शिक्षा और उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विदेशों में पहचान बनाने वाले पारंपरिक भारतीय उत्पादों का उदाहरण देते हुए कहा कि नवाचार हमारे सामने है। इसे पढ़ाया नहीं जाता, इसे कल्पना में ढाला जाना चाहिए। डॉ. एला ने कहा कि भारत कभी नवाचार में विश्व में अग्रणी था, लेकिन जब लोगों ने जोखिम उठाना बंद कर दिया, तो उसने अपनी यह भावना खो दी। उन्होंने असफलता के लिए दूसरों को दोष न देने के लिए प्रोत्साहित करते हुए छात्रों से सामाजिक समस्याओं का समाधान खोजने की अपील की।

पांच संकाय सदस्य कुलाधिपति पुरस्कार-2025 से पुरस्कृत

कुलपति प्रो. बी.जे. राव ने विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2024-25 की मुख्य उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रति संकाय उद्धरणों के लिए हैदराबाद विश्वविद्यालय की क्यूएस विश्वविद्यालय रैंकिंग पिछले वर्ष के 372 से सुधरकर 2025 में 335 हो गई। अंग्रेजी, भाषा विज्ञान, समाजशास्र, रसायन विज्ञान, अर्थशास्र, भौतिकी, जैविक विज्ञान सहित सात विषयों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विषयों में स्थान दिया गया। विश्वविद्यालय स्वास्थ्य सेवा और नई तकनीकों में प्रमुख चुनौतियों का समाधान करने के लिए छह विश्वविद्यालयों को जोड़ने वाली 100 करोड़ की एएनआरएफ-पीएआईआर परियोजना का नेतृत्व कर रहा है। प्रो. राव ने कहा कि हैदराबाद विश्वविद्यालय द्वारा समर्थित स्टार्टअप्स ने 100 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए, 20 उत्पाद लांच किए और 500 से अधिक रोजगार सृजित किए।

दीक्षांत समारोह कुलाधिपति पुरस्कार-2025 पाँच युवा संकाय सदस्यों को प्रदान किए गए। इनमें डॉ. होइनिलिंग सितल्हो (समाजशास्र), डॉ. आर. प्रशांत कुमार (प्रबंधन अध्ययन), डॉ. अभिराम सूरी (भौतिकी), डॉ. मंजरी किरण (जीव विज्ञान) और डॉ. एन.डी.एस. नागा सीमा (मनोविज्ञान) शामिल हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button