मेट्रो दूसरे चरण-बी के प्रस्ताव मंज़ूर

हैदराबाद, हैदराबाद में मेट्रो विस्तार से जुड़े दूसरे चरण (बी) के प्रस्तावों को सरकार ने हरी झंडी दे दी। इसे सरकार केंद्र व निजी भागीदारी से पूरा करने का लक्ष्य रखती है। नागरिक प्रशासन एवं शहरी विकास विभाग द्वारा आज जारी सरकारी आदेश में कहा गया कि हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो लिमिटेड (एचएएमएल) के प्रबंध निदेशक द्वारा दूसरे चरण (बी) के प्रस्ताव को प्रशासनिक मंज़ूरी दी गयी।
इसमें कॉरिडोर (9) आरजीआईए से फ्यूचर सिटी तक 39.6 किमी, कॉरिडोर (10) जेबीएस से मेड़चल तक 24.5 किमी, कॉरिडोर (11) जेबीएस से शामीरपेट तक 22 किमी कुल 86.1 किमी की तीन लाइनों की अनुमानित लागत 19,579 करोड़ रुपये होगी। आदेश में कहा गया कि हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो लिमिटेड द्वारा तीन कॉरिडोर का काम तेलंगाना सरकार और भारत सरकार के बीच आधे-आधे संयुक्त उद्यम (जेवी) परियोजना के रूप में शुरू किया जाएगा।
हैदराबाद मेट्रो परियोजना की वित्तीय योजना और प्रगति
संयुक्त उद्यम के लिए भारत सरकार के मानदंडों और नीति दिशा-निर्देशों के अनुसार अनुमानित लागत के वित्तपोषण में तेलंगाना सरकार का हिस्सा 5,874 करोड़ रुपये (30 प्रतिशत), भारत सरकार का हिस्सा 3,524 करोड़ रुपये (18 प्रतिशत। जेआईसीए, एडीबी, एनडीबी आदि से ऋण/उधार घटक 9,398 करोड़ रुपये (48 प्रतिशत) और पीपीपी घटक 783 करोड़ रुपये (4 प्रतिशत) होगा। आदेश में हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये।
यह भी पढ़ें… पुराने शहर में मेट्रो विस्तार के लिए 125 करोड़ जारी
उल्लेखनीय है कि हैदराबाद मेट्रो रेल की परियोजना के प्रथम चरण में तीन कॉरिडोर (69 किमी) को शामिल किया गया था, जिसकी लागत लगभग 22,000 करोड़ रुपये थी। इसका निर्माण सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड में दुनिया की सबसे बड़ी मेट्रो रेल परियोजना के रूप में किया गया। सरकार ने 24,269 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 5 कॉरिडोर (76.4 किमी) को कवर करने वाले दूसरे चरण (ए) के प्रस्ताव को मंजूरी देकर आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय, भारत सरकार को भेज दिया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



