पिंक पावर रन 2.0 में कदम से कदम मिलाएंगी मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता
हैदराबाद, स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का प्रसार करने के लिए सुधा रेड्डी फाउंडेशन द्वारा एमईआईएल फाउंडेशन के सहयोग से पिंक पावर रन 2.0 का आयोजन आगामी 28 सितंबर को पीपुल्स प्लाजा, नेकलेस रोड में किया जाएगा। `स्ट्राइड एंड शाइन’ थीम वाले इस आयोजन में मिस वर्ल्ड 2025 और ब्रेस्ट कैंसर सर्वाइवर ओपल सुचाता चुआंग्सरी भी प्रतिभागियों के साथ भाग लेकर स्तन कैंसर के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देंगी।




माधापुर स्थित होटल ट्राइडेंट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में स्तन कैंसर के खिलाफ लड़ाई में सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने और धन जुटाने के लिए समर्पित `पिंक पावर रन’ के दूसरे संस्करण की घोषणा की गई। अवसर पर सुधा रेड्डी फाउंडेशन की संस्थापक तथा उद्यमी सुधा रेड्डी, मिस वर्ल्ड 2025 ओपल सुचाता चुआंग्सरी, मिस एशिया 2025 कृष्णा ग्रेविदेज़, मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन के निदेशक स्टीव मोर्ले, एआईजी हॉस्पिटल की कैंसर विशेषज्ञ डॉ.प्रज्ञा चिगुरुपति तथा सर्टिफाइड पर्सनल ट्रेनर साइदा अबरार सहित अन्य गणमान्य स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समुदायों को सशक्त बनाने के लिए एकजुट हुए।
पिंक पावर रन 2.0 के संदर्भ में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि इस वर्ष इसकी टैगलाइन स्ट्राइड एंड शाइन होगी। यह रन तीन श्रेणियों 3 के, 5 के तथा 10 के में आयोजित होगी। जिसमें स्थानीय तथा देश के विभिन्न भागों के प्रतिभागियों के साथ-साथ वैश्विक स्तर से भी प्रतिभागी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए स्तन कैंसर की शीघ्र पहचान के प्रति जागरूकता का संदेश देंगे।जानकारी देते हुए बताया गया कि पिंक पावर रन 2.0 की एक विशिष्ट विशेषता ग्रामीण समुदायों की महिला धावकों को शामिल होना भी होगा। यह प्रतिभागिता स्वास्थ्य जागरूकता में शहरी-ग्रामीण अंतर को कम करने और यह सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम है।
यह भी पढ़ें… नारायण लिम्ब एवं कैलिपर्स फिटमेंट कैम्प आयोजित
पिंक पावर रन हर महिला के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी
सुधा रेड्डी ने अवसर पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पिंक पावर रन मैराथन के रूप में स्तन कैंसर जागरूकता केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह हर महिला के स्वास्थ्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। सुधा रेड्डी फाउंडेशन और पिंक पावर रन के माध्यम से हमारा लक्ष्य कॉर्पोरेट बोर्डरूम से लेकर दूर-दराज के गाँवों तक, समाज के हर कोने में महिलाओं तक यह जीवन रक्षक संदेश पहुँचाना है कि कैंसर का समय पर पता लगने से जान बच सकती है। उन्होंने कहा मिस वर्ल्ड और मिस एशिया का समर्थन हमारे मिशन को और दृढ़ता प्रदान करेगा। सुधा रेड्डी ने कहा कि पिंक पावर रन स्तन कैंसर के प्रारंभिक पहचान के जीवन-रक्षक महत्व का समर्थन करते हुए नियमित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की वकालत करते हुए कैंसर पर जीत हासिल करने वालों साथ अटूट एकजुटता का प्रतीक भी है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



