मप्र क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या 13, लापता का शव मिला

जबलपुर, मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह पांच वर्षीय बालक मयूरम और उसके चाचा कमराज (लगभग 50) के शव बरामद किए गए। कमराज खमरिया आयुध निर्माण फैक्टरी में कर्मचारी थे।

बरगी के उप पुलिस अधीक्षक अंजुल अयंक मिश्रा ने ‘पीटीआई भाषा’ को फोन पर बताया कि दोनों के शव पानी में मिले, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब सभी 13 लापता लोगों का पता चल गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया गया है।

सीसीटीवी फुटेज में 43 लोग क्रूज की ओर जाते दिखाई दिए

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद खोज अभियान के लिए आगरा से हवाई मार्ग से लाए गए सेना के करीब 20 गोताखोरों सहित 200 से अधिक बचावकर्मी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय गोताखोरों की टीम शामिल रहीं।

पुलिस ने बताया कि नौका पर सवार जिन 41 यात्रियों की पहचान की पुष्टि हुई है उनमें से 28 को बचा लिया गया था। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में 43 लोग क्रूज की ओर जाते दिखाई दिए। करीब 20 वर्ष पुरानी थी और राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संचालित की जा रही यह नौका बृहस्पतिवार शाम आए तूफान के दौरान पलट गई थी। राज्य सरकार ने शुक्रवार को घटना की जांच के आदेश दिए थे और चालक दल के तीन सदस्यों को बर्खास्त कर दिया था। साथ ही, इस तरह की नौकाओं के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। (भाषा )

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button