मुंबई: दादर कबूतरखाना बंदी के खिलाफ जैन मुनि नीलेशचंद्र विजय का आजाद मैदान में प्रदर्शन
मुंबई, जैन मुनि नीलेशचंद्र विजय ने दादर कबूतरखाने को बंद करने के नगर निगम के निर्णय के खिलाफ सोमवार को मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन शुरू किया। समुदाय के सदस्य कबूतरों को दाना डालने के लिए पारंपरिक रूप से दादर कबूतरखाने का इस्तेमाल करते रहे हैं। मुनि ने बीएमसी मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन शुरू करने से पहले पत्रकारों से कहा कि वह कबूतरखाने पर लगी रोक हटाने की माँग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन कर सकते हैं।
बीएमसी ने हाल ही में चार स्थानों वर्ली रिजवॉयर, अंधेरी पश्चिम में लोखंडवाला बैक रोड के मैंग्रोव क्षेत्र, ऐरोली-मुलुंड चेकपोस्ट क्षेत्र और बोरिवली वेस्ट के गोरेई मैदान पर सीमित तरीके से कबूतरों को दाना डालने की अनुमति दी है। बीएमसी के अनुसार, इन स्थलों पर सुबह सात से नौ बजे तक ही दाना डाला जा सकता है और गैर-सरकारी संगठन इसकी देखरेख करेंगे।
यह भी पढ़ें… मुंब्रा रेल हादसा : रेलवे के दो इंजीनियरों पर केस दर्ज
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अस्थायी प्रबंध है और विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट तथा अदालत से आदेश मिलने तक बंद कबूतरखानों को फिर से नही खोला जाएगा। नीलेशचंद्र विजय ने पत्रकारों से कहा कि आजाद मैदान पहुँचते ही मैंने पानी पीना छोड़ दिया है। मैं डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा लिखे गए संविधान के दायरे में रहकर विरोध प्रदर्शन कर रहा हूँ, जिन्होंने प्रत्येक व्यक्ति को लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताने का अधिकार दिया है। जैन मुनि ने कहा कि कबूतरखाने के लिए चार वैकल्पिक जगह देने के फैसले से मैं सहमत नही हूँ। मैं दादर कबूतरखाने को फिर से खुलवाना चाहता हूँ। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।




