मुशीराबाद: परिवार ने की मजदूर की हत्या

हैदराबाद, मुशीराबाद थाना परिधि में पत्नी व बच्चों ने मिलकर शराबी मजदूर की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि गुलशन नगर, भोलकपुर, मुशीराबाद निवासी अब्बास अली (50) पेशे से मजदूर था और उसे शराब पीने की आदत थी। मजदूरी का कार्य निपटाकर वह रोज रात शराब के नशे में घर लौटता था। उसकी शराब की लत के कारण उसकी पत्नी जुरा बेगम और बच्चे झगड़ा करते थे।

अब्बास ने अपने दो लड़कों यूसुफ और आसिफ में से यूसुफ का विवाह कर दिया और उसकी दो लड़कियों समरीन और आयशा जबीन का विवाह हो चुका था। आयशा जबीन गर्भवती होने के कारण मायके में रह रही थी। 28 फरवरी की रात 10.30 बजे अब्बास अली के भाई और शिकायतकर्ता अकबर अली को उसके लड़के अयान ने फोन कर बताया कि उसके ताऊ अब्बास अली के बेहोश हो जाने के कारण उसे गांधी अस्पताल ले जाया गया है।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद : नशे में धुत चालक ने मचाया हंगामा

गले पर नीले निशान देखकर मृत्यु पर हुआ संदेह

जानकारी मिलते ही अकबर अली तुरन्त गांधी अस्पताल पहुँच गया और वहाँ उसे पता चला कि अस्पताल लाते ही अब्बास अली की मौत हो गई। अब्बास अली के गले पर गला कसने के नीले निशान पाए गए। इस कारण उसे अपने भाई की मौत की परिस्थितदियों पर संदेह हो गया। उसने अपनी भाभी और उनके बच्चों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने इतना ही बताया कि अचानक बेहोश हो जाने से अब्बास अली को अस्पताल लाया और उसकी मौत हो गई।

अकबर को उनकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ और उसने बस्ती में जाकर पूछताछ की। पूछताछ करने पर पता चला कि 28 फरवरी की रात को उनके घर पर झगड़ा हुआ और झगड़े के दौरान जुरा बेगम, यूसुफ, आयशा जबीन व परिवार के अन्य सदस्यों ने चुनरी से गला घोंटकर अब्बास अली की हत्या कर दी। अकबर की शिकायत पर पुलिस बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button