नेकनामपुर एसटीपी का काम तुरंत शुरू हो : अशोक रेड्डी
हैदराबाद, हैदराबाद महानगरीय पेयजलापूर्ति एवं मलजल निकास बोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी ने कहा कि नेकनामपुर में बनने वाले नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जाना चाहिए। यह एसटीपी इब्राहिम चेरुवु में नए अमृत-2.0 स्कीम के तहत बनने वाले 39 एसटीपी प्रॉजेक्ट के अंतर्गत बनाया जाएगा।

जल बोर्ड महाप्रबंधक ने उस क्षेत्र का निरीक्षण किया जहाँ एसटीपी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिट्टी का परीक्षण तुरंत पूरा किया जाना चाहिए। मलकम चेरुवु से सीवरेज को नेकनामपुर इब्राहिम चेरुवु की ओर मोड़ने, एसटीपी में ट्रीट करने और फिर इस पानी को झील में छोड़ने का प्लान बनाया गया है। एमडी ने अधिकारियों को नेकनामपुर टैंक से इब्राहिम टैंक तक रेन वॉटर बॉक्स ड्रेन बनाने और बॉक्स ड्रेन के दोनों तरफ ट्रंक सीवर मेन बनाने का प्लान तैयार करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें… मासांत तक पूरी होगी एक्रिडिटेशन कार्ड की प्रक्रिया
मणिकोंडा और लैंको हिल्स की ड्रेनेज लाइनों को एसटीपी से जोड़ा जाएगा
साथ ही जोड़ा कि इस ट्रंक सीवर के लिए मणिकोंडा, लैंको हिल्स, पोपलागुड़ा और दूसरे इलाकों की ड्रेनेज लाइनों को इस एसटीपी की ओर मोड़ने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाए। अशोक रेड्डी ने सुझाव दिया कि एसटीपी परिसर में टैंकर फिलिंग स्टेशन बनाया जाए, ताकि एसटीपी में ट्रीट किए गए पानी का इस्तेमाल बागवानी और कंस्ट्रक्शन के कार्यों में किया जा सके।
अशोक रेड्डी ने कहा कि ट्रीट किए गए पानी का इस्तेमाल लोकल पार्कों में करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ओआरआर के साथ ट्रीट किए गए पानी की सप्लाई के लिए पाइप लाइन बनाने डीपीआर तैयार करने का भी निर्देश दिया। साथ ही जोड़ा कि इस पाइपलाइन के ज़रिए ओआरआर के आसपास बागवानी में ट्रीट किए गए पानी की सप्लाई के लिए संबंधित अधिकारियों से बात करें। एमडी ने अधिकारियों को एसटीपी प्रॉजेक्ट के कंस्ट्रक्शन से संबंधित फोटो और वीडियो लेने एवं काम शुरू होने से लेकर आखिर तक उन्हें संभालकर रखने का निर्देश दिया।
जलबोर्ड द्वारा अमीनपुर, तेलापुर, इरिसेट, उश्केबावी, बैचुगुड़ा, तिम्मक्का चेरुवु, गांधीगुड़ेम, पीरजादीगुड़ा, नागारम, नारसिंगी (ओआरआर), संगम (बापूघाट), हैदर शाहकोट, फतेह नगर, चित्रपुरी कॉलोनी, हैदराबाद पब्लिक स्कूल, मीरपेट, मासाब चेरुवु, कापरा, रविर्याला और बोंगुलुरु जैसे इलाकों में कुल 39 एसटीपी बनाए जा रहे हैं, जिनकी कुल क्षमता 972 एमएलडी होगी। इस पर कुल 3,849.10 करोड़ रुपये की लागत आयेगी, जिसे दो पैकेज में बनाया जा रहा है। अवसर पर प्रॉजेक्ट सीजीएम सुजाता, महाप्रबंधक और कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



