हैदराबाद : नशे में स्कूटी पर चढ़ा दी डीसीएम, नवविवाहिता की मौत
हैदराबाद, माधापुर थाना परिधि में शनिवार देर रात शराब के नशे में डीसीएम चालक मोहम्मद आरिफ ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वैन चलाते हुए माइंड स्पेस के गेट के सामने स्थित मेट्रो स्टेशन के पास सुजुकी एक्सेस स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर जा रहे नव दंपत्ति टक्कर लगने के कारण गिर कर घायल हो गये। हादसे को अंजाम देने के बाद वैन रोकने के बजाए आरिफ तेज रफ्तार से वैन को लेकर फरार हो गया, लेकिन वैन के नीचे स्कूटी फँसी हुई थी।
रास्ते में कुछ वाहन चालकों ने वैन को रोका, लेकिन आरिफ लोगों को चकमा देकर फरार हो गया। लगभग पांच किलोमीटर दूर जुबली हिल्स के पास वैन को रोका गया। ब्रीथिंग एनालाइजर से जाँच करने पर आरिफ नशे की हालत में पाया गया। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरिफ के खिलाफ बीएनएस की धारा 106, 125 (ए) और 187 के तहत मामले दर्ज कर उसे हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : सड़क हादसों में स्कूली छात्रा समेत चार लोगों की मौत
पुलिस ने बताया कि केरल के कोझिकोड निवासी पी.के हनिया आयशा (21) ने चार माह पूर्व पी.के. अबूबकर से निकाह रचाया था। निकाह के बाद दोनों हैदराबाद आ गये और मैत्री कुटीर माहेश्वरम में रहते हुए मालाबार जेम्स एंड ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड के ओएमसी सेंटर में नौकरी करने लगे। शनिवार रात दोनों कुकटपल्ली स्थित लेक शोर माल में फर्स्ट शो फिल्म देखने के बाद स्कूटी पर लौट रहे थे। रास्ते में वैन की चपेट में आने के कारण दोनों घायल हो गये। दोनों को एआईजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही आयशा की मौत हो चुकी थी, जबकि अबू बकर की हालत नाजुक बनी हुई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



