मानवता के लिए खतरा बना पाक : ओवैसी
हैदराबाद, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) नेता असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को कहा कि आतंकवाद को प्रायोजित करने का पाकिस्तान का लंबा इतिहास रहा है और यह देश मानवता के लिए खतरा बन गया है।
ओवैसी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कई देशों के दौरे पर भेजे जा रहे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक के सदस्य के तौर पर यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए उनके संदेश का सार होगा।
भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है पाक डीप स्टेट
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा लंबे समय से निर्दोष नागरिकों की हत्या के बारे में दुनिया को बताना होगा। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का काफी दंश झेला है। हम सभी ने तमाशा देखा है, जिया-उल-हक के समय से लोगों का कत्लेआम देखा है।
ओवैसी ने कहा कि जब तक पाकिस्तानी डीप स्टेट (नीति-निर्माण को नियंत्रित करने वाले प्रभावशाली, ताकतवर गैर सरकारी तत्व), पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई, पाकिस्तानी सेना का मकसद भारत को अस्थिर करना है। आप पाकिस्तान पर कभी भरोसा नहीं कर सकते।
हालांकि ओवैसी ने कहा कि उन्हें पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद कूटनीतिक मुहिम के विवरण के बारे में सरकार से जानकारी मिलनी अभी बाकी है।
आतंक पर एकजुट हैं, भले ही वैचारिक मतभेद हों
पांचवीं बार के लोकसभा सदस्य ओवैसी पाकिस्तान के खिलाफ सरकार के कड़े रुख के सबसे मुखर समर्थकों में से एक के रूप में उभरे हैं और उनकी राजनीति को पसंद नहीं करने वाले लोगों का एक वर्ग भी उनकी प्रशंसा कर रहा है। उन्होंने कहा कि
राजनीतिक रूप से हम भाजपा की विचारधारा से लड़ते रहेंगे। लेकिन जब आप इस देश में आते हैं और देश के नागरिकों, भारत के नागरिकों को मारते हैं, तो इसमें कोई सवाल ही नहीं उठता, मेरे राजनीतिक वैचारिक मतभेदों के बारे में। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान की उनके द्वारा निंदा मुसलमानों के बीच व्यापक रूप से मौजूद भावनाओं को दर्शाती है।
यह पूछे जाने पर कि क्या जो गुस्सा वह जाहिर कर रहे हैं वह पूरे मुस्लिम समुदाय का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि बिल्कुल यह क्यों नहीं होगा ? मैं अपनी पार्टी की ओर से बात कर रहा हूँ, और हमारी पार्टी भारतीय मुसलमानों से बनी है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा की विचारधारा के खिलाफ हैं, लेकिन जब आप मेरे देश में आते हैं और मेरे देशवासियों को मारते हैं, तो मेरी भावनाओं के बीच मेरे धर्म का सवाल कहाँ से आता है।
ओवैसी ने विस्तार से बताते हुए कहा कि सभी भारतीय नागरिक एक ही नाव पर सवार हैं। अगर कोई नाव में छेद कर रहा है, तो हम सब एक साथ डूब जाएंगे। कोई हमें नहीं बचाएगा। यह स्पष्ट है कि हमें हर तूफान से लड़ने के लिए एकजुट रहना होगा। हम अपने मुद्दों को आंतरिक रूप से सुलझा सकते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



