आवागमन को रफ्तार प्रदान करने की ओर अग्रसर पटना मेट्रो रेल परियोजना
पटना, पटना मेट्रो रेल परियोजना शहर में आवागमन सुविधा को रफ्तार प्रदान करने में प्रभावी रूप से कारगर बनाने के लिए अग्रसर है। इसे शहर के यातायात को बेहतर बनाने और लोगों को तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन विकल्प प्रदान करने हेतु डिजाइन किया गया है। इस परियोजना के पहले फेज के लिए भारत सरकार द्वारा 13,365.77 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

पीआईबी हैदराबाद के तत्वावधान में बिहार प्रेस टूर के दौरान तेलंगाना मीडिया प्रतिनिधिमंडल को इस परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को भारत सरकार और बिहार सरकार के बीच 50-50 के संयुक्त उद्यम के रूप में स्थापित किया गया था। प्रस्तावित परियोजना के निष्पादन के लिए भारत सरकार, बिहार सरकार और पीएमआरसीएल के बीच त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
पहले चरण के अंतर्गत पटना मेट्रो के दो कॉरिडोर हैं। इसमें एक दानापुर से मीठापुर वाया पटना रेलवे स्टेशन (ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर) और दूसरा पटना जंक्शन से न्यू आईएसबीटी वाया गांधी मैदान (नार्थ-साउथ कॉरिडोर) शामिल है। दोनों कॉरिडोर्स पर 24 स्टेशन शामिल हैं। इस परियोजना के वित्तपोषण में केंद्र तथा राज्य सरकार का बीस-बीस योगदान शामिल है। 60 प्रतिशत वित्तपोषण जापान इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन एजेंसी (जीका) द्वारा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना उच्च न्यायालय : मेट्रो रेल दूसरे चरण को लेकर रिपोर्ट तलब
फेज-1 में 32.50 किमी ट्रैक, एलिवेटेड व अंडरग्राउंड सेक्शन
फेज-1 में कुल ट्रैक की लंबाई 32.50 किलोमीटर है। इसमें 13.91 किलोमीटर एलिवेटेड तथा 18.59 किलोमीटर अंडरग्राउंड है। अलग-अलग देखा जाए तो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर कीकुल लंबाई 17.93 किलोमीटर है। इसके अंतर्गत 7.42 किलोमीटर का एलिवेटेड तथा 10.51 किलोमीटर का अंडरग्राउंड स्टेशनों का प्रस्ताव शामिल है। वहीं नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर की कुल लंबाई 14.57 किलोमीटर है। इसमें एलिवेटेड सेक्शन 6.49 किलोमीटर तथा अंडरग्राउंड सेक्शन 8.08 किलोमीटर का निर्धारित है। पटना मेट्रो के कोच बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी कला से प्रेरित डिज़ाइन के साथ तैयार किए गए हैं, जो इस राज्य की सांस्वफढतिक पहचान को परिलक्षित करते हैं।
पटना मेट्रो रेल वर्तमान में 3 स्टेशनों आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ पर संचालित हो रही है। 3.45 किलोमीटर वाले इस एलिवेटेड स्ट्रेच का उद्घाटन गत 6 अक्तूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया। 30 नवंबर तक जारी आँकड़ों के अनुसार इस अवधि में यात्रियों की संख्या 1,21,073 रही। साथ ही औसत आय 35,410 रुपये प्रतिदिन दर्ज की गई। जल्द ही मलाही पकड़ी स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों को क्रियांवित करने की दिशा में पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा संबंधित हितधारकों द्वारा विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। समग्र रूप से पटना मेट्रो परियोजना पटना के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल आवागमन को तेज, आसान तथा सुविधापूर्ण बनाएगा, बल्कि इस शहर को आने वाले समय में विकास के नए आयाम प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



