शांति दूत, बुद्धिजीवियों ने रेवंत से की नक्सलियों से चर्चा के लिये केन्द्र को मनाने की अपील
हैदराबाद, तेलंगाना के बुद्धिजीवियों ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से अपील की है कि वे केंद्र सरकार को माओवादियों के साथ शांति वार्ता करने के लिए सहमत करें। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की विज्ञप्ति में कहा गया है कि शांति वार्ता समिति के नेताओं ने रविवार को मुख्यमंत्री से जुबली हिल्स स्थित आवास पर मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार को संघर्ष विराम स्वीकार करने के लिए राजी करें। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में शांति वार्ता समिति के संयोजक जस्टिस चंद्र कुमार, प्रो. हरगोपाल, प्रो. अनवर खान, दुर्गा प्रसाद, जम्पन्ना, रविचंदर आदि शामिल थे। इस मौके पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि हमारी सरकार नक्सलवाद को केवल सामाजिक परिप्रेक्ष्य से देखती है। सरकार इस मसले को मात्र कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं मानती है।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद में ‘हाई अलर्ट’ की खबरें झूठी- पुलिस
उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ नेता जाना रेड्डी ने 2004 में अविभाजित आंध्र प्रदेश के गृह मंत्री के रूप में माओवादियों के साथ शांति वार्ता की थी। सरकार इस मामले पर उनकी सलाह लेगी। रेवंत ने आश्वासन दिया कि इस मामले पर मंत्रियों के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। यह घटनाक्रम छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे गहन माओवाद रोधी अभियानों की पृष्भूमि में सामने आया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



