मणिपुर हालात पर पीएम तुरंत उठाएं ठोस कदम : राहुल
नयी दिल्ली, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर में दो बच्चों की हत्या पर दुख जताते हुए मंगलवार को कहा कि हालात के नियंत्रण से बाहर निकलने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ठोस और तत्काल कदम उठाने चाहिए।
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को बम से हमला किया, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई तथा उनकी मां घायल हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘मणिपुर में बीएसएफ जवान के घर में सोते दो नन्हे बच्चों की हत्या की खबर दिल को चीर देने वाली है। मणिपुर में हिंसा की दहकती हुई आग में आज तीन साल बाद भी निर्दोष बच्चे झुलस रहे हैं, शांति का कोई संकेत दूर-दूर तक नजर नहीं आता।’’
राहुल गांधी ने दावा किया कि मोदी सरकार इतनी संवेदन शून्य और पत्थरदिल हो गई है कि मानो यह भूल चुकी है कि मणिपुर के बच्चे भी देश के बच्चे हैं, हमारा भविष्य हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया, ‘‘कब जागेगी ये सरकार? आखिर कब तक अपनों की लाशें गिनते-गिनते मणिपुर करता रहेगा इंतज़ार?’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं बार-बार कहता आया हूं, शांति ही एकमात्र रास्ता है। सभी समुदायों को साथ लाकर, संवेदनशीलता से ही इस संकट का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।’’
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी, मणिपुर सिर्फ एक राज्य नहीं है, ज़िम्मेदारी है। सिर्फ नाम का एक बयान काफी नहीं, सिर्फ दिखावे का एक दौरा काफी नहीं। आपको ठोस और तत्काल कदम उठाने ही होंगे, इससे पहले कि हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो जाएं। (भाषा)
यह भी पढे़: केरल के लोग बदलाव के लिए तैयार : राहुल गांधी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



