भुपेन हज़ारिका की जन्म शताब्दी समारोह में भाग लेंगे पीएम मोदी


गुवाहाटी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 13 सितंबर को असम के अपने दो दिवसीय दौरे में के दौरान भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
हिंदी, तेलुगु और उर्दू सहित 22 भाषाओं में जीवनी का लोकार्पण
वे इस अवसर पर देश की 22 भाषाओं में प्रकाशित भुपेन हज़ारिका की जीवनी का भी लोकार्पण करेंगे। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने मीडिया को बताया कि शाम 5:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी गुवाहाटी के खानापारा में वेटरनरी कॉलेज मैदान में भारत रत्न भूपेन हजारिका जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
इस जीवनी को कुल 20 लाख लोगों तक पहुंचाया जाएगा
असम सरकार ने डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी का साल भर चलने वाला समारोह 8 सितंबर को पूरे राज्य में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुरू किया है। हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे बताया कि डॉ. भूपेन हजारिका की 13 सितंबर को होने वाली जन्म शताब्दी समारोह के दौरान, 1,200 से ज्यादा कलाकार अनूठा कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे और सामूहिक रूप से भूपेन हजारिका के 14 सदाबहार गीत प्रस्तुत करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा भूपेन हजारिका की जीवनी का विमोचन किया जाएगा, जो भारतीय संविधान द्वारा मान्यता प्राप्त लगभग सभी भाषाओं में प्रकाशित की गयी है। उन्होंने कहा कि इस जीवनी को कुल 20 लाख लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

लेखिका अनुराधा शर्मा पुजारी द्वारा लिखित इस पुस्तक के तीन अनुवादकों का संबंध हैदराबाद से है, जिनमें उर्दू अनुवाद हिंदी मिलाप के पत्रकार एफ एम सलीम ने किया है। तेलुगु का अनुवाद नेशनल बुक ट्रस्ट के अधिकारी पाटीपाका मोहन एवं कन्नड अनुवाद इफ्लू के अजय वर्मा ने किया है। हिंदी अनुवाद दिल्ली के सुधीर कुमार झा ने किया है।
अन्य अनवादकों में डॉ. स्वर्ण प्रभा चैनारी (बोडो), कृष्णा दुलाल बरुआ (अंग्रेज़ी), डॉ. अशोक कुमार झा (मैथिली), के. नल्लाथम्बी (तामिल), लालचंद सरेन (संथाली), संदीप कुमार (पंजाबी) सुभाष चंद्र सतपति (ओरिया), राजेश्वर सिंह ‘राजू’ (डोंगरी), डॉ. मुहम्मद अशरफ जिया (कश्मीरी), डॉ. संघमित्रा राठौर (राजस्थानी), एस. अनंत नारायणन (मलयालम), लिलेश वी. कुडालकर (कोंकणी), ज्ञान बहादुर छेत्री (नेपाली), रेखा देशपांडे (मराठी), प्रो. संपदानंद मिश्रा (संस्कृत) एवं संस्कार देसाई (गुजराती) शामिल हैं। इस परियोजना में अपराजिता पुजारी का समन्वय शामिल रहा है। इनमें से अधिकतर अनुवादक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
