राष्ट्रपति भवन में अंगोला के राष्ट्रपति का औपचारिक स्वागत
नई दिल्ली, अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोन्साल्वेस लौरेंको का आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंगोला के राष्ट्रपति का स्वागत किया। जो इसे अंगोला के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बनाती है। उन्होंने भारत और अंगोला के बीच मैत्री और सहयोग के बंधन को मजबूत करने में इस यात्रा के महत्व पर जोर दिया। राष्ट्रपति लौरेंको ने भारत के लोगों से मिले गर्मजोशी भरे और मेहमाननवाज़ स्वागत के लिए अपने प्रतिनिधिमंडल की ओर से गहरी सराहना व्यक्त की।

राष्ट्रपति लौरेंको ने राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। बाद में, प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली में अंगोला के राष्ट्रपति के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। वार्ता के बाद विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। अंगोला के राष्ट्रपति कल भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है, जिसमें कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, व्यापारिक घराने और मीडिया शामिल हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने अंगोला समकक्ष के साथ चर्चा करेंगी और अतिथि गणमान्य व्यक्ति के सम्मान में भोज का आयोजन भी करेंगी। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अंगोला के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
अंगोला के राष्ट्रपति की भारत यात्रा 38 वर्षों के बाद हो रही है। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और अंगोला इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। कल, राष्ट्रपति लॉरेन्को नई दिल्ली में एक व्यावसायिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच निवेश और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देना है।
भारत और अंगोला के बीच वर्षों से मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध बने हुए हैं। दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को जीवंत ऊर्जा साझेदारी से बल मिलता है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ रहा है और 2023-2024 के दौरान चार बिलियन डॉलर से अधिक हो गया है। विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण सहयोग और रक्षा संबंध भी बढ़ रहे हैं। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर एक-दूसरे की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें– राष्ट्रपति मुर्मू पोप के अंतिम संस्कार में लेंगी भाग
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



