दो दिवसीय यात्रा पूरी कर मलेशिया से रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी

कुआलालंपुर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा समाप्त करके भारत के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ व्यापक वार्ता की, जिसमें रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘एक यादगार यात्रा समाप्त हुई। मलेशिया की यात्रा के दौरान विशेष गर्मजोशी और मेहमाननवाजी देखने को मिली। हमारे घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा से कई महत्वपूर्ण परिणाम हासिल हुए, जो भारत-मलेशिया संबंधों को सशक्त करेंगे।’

यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें सुरक्षा सहयोग, संयुक्त राष्ट्र शांति सेना, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, भ्रष्टाचार रोधी उपाय, ऑडियो-वीडियो सह-निर्माण, व्यावसायिक शिक्षा और भारतीय श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा शामिल थे।

मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम से बातचीत की

मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम से मुलाकात के बाद, मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के ‘विशेष संबंध’ हैं, और दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की है। दोनों पक्षों ने सुरक्षा, रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल प्रौद्योगिकियों और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।‘भारत में हममें से कई लोगों’’ की तरह मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ‘एमजीआर’ के ‘‘बहुत बड़े प्रशंसक’’ हैं। प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आयोजित दोपहर भोज के समय तमिल अभिनेता की फिल्म ‘नालाई नामाधे’ का एक गीत प्रस्तुत किया गया था, इसी दौरान मोदी ने इस बात का जिक्र किया।

मारुदुर गोपालन रामचन्द्रन को ‘एमजीआर’ के नाम से जाना जाता है। वह एक लोकप्रिय भारतीय अभिनेता, निर्देशक और निर्माता थे। उन्होंने तमिलनाडु में ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) पार्टी की स्थापना की और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। उनका निधन 1987 में हुआ।‘नालाई नामाधे’ अभिनेता की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है, जो 1975 में रिलीज हुई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा आयोजित दोपहर भोज में प्रस्तुत गीतों में से एक महान एमजीआर अभिनीत फिल्म ‘नालाई नामाधे’ का गीत था।’’ मोदी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भी भारत में हममें से कई लोगों की तरह एमजीआर के बहुत बड़े प्रशंसक हैं!’’

मलेशिया, भारतीय मूल के लोगों की सबसे अधिक आबादी वाला दूसरा देश है, जिनमें अधिकतर तमिल लोग शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। इससे पहले उन्होंने कुआलालंपुर में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मलेशिया में रहने वाले तमिल प्रवासी विभिन्न क्षेत्रों में समाज की सेवा कर रहे हैं और उन्होंने यह भी कहा कि तमिल प्रवासी कई सदी से मलेशिया में हैं।’’ उन्होंने कहा कि इस इतिहास से प्रेरित होकर भारत ने मलाया विश्वविद्यालय में ‘तिरुवल्लुवर चेयर’ की स्थापना की है तथा अब साझा विरासत को और मजबूत करने के लिए एक तिरुवल्लुवर केंद्र स्थापित करेगा।

आईएनए के पूर्व सैनिक से की मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी का पहले दिन पुत्राजय में पर्डाना पुतरा में औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने कुआलालंपुर में इंडियन नेशनल आर्मी (आजाद हिंद फौज) के वरिष्ठ सैनिक जयराज राजा राव से मुलाकात की और आईएनए के असाधारण साहस, विरासत और बलिदान के लिए सभी भारतीयों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने मलेशिया के भारतीय मूल के मंत्रियों, सांसदों से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने में उनके सक्रिय योगदान की सराहना की।

शनिवार को मोदी ने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए भारत और मलेशिया के बीच एक सेतु के रूप में सेवा देने के लिए उन्हें सराहा। उन्होंने मलेशिया में एक नए वाणिज्य दूतावास और तिरुवल्लुवर स्कॉलरशिप की घोषणा की, जिससे छात्रों को भारत में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।

मोदी ने कहा कि भारत को ‘विकास के लिए एक विश्वसनीय साझेदार’ के रूप में देखा जा रहा है और यह हाल ही में किए गए व्यापार सौदों में भी प्रदर्शित हुआ है, जिनमें ब्रिटेन, अमेरिका और ईयू के साथ हुए समझौते शामिल हैं।

मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे थे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया, जो द्विपक्षीय संबंधों में एक नयी गति को दर्शाता है।

मोदी ने मलेशिया दौरे के दौरान भारतीय मूल के नेताओं से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कुआलालंपुर में मलेशिया के भारतीय मूल के मंत्रियों, सांसदों और सीनेटरों से मुलाकात की तथा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की।

मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘प्रतिष्ठित मंत्रियों और सीनेटरों सहित भारतीय मूल के नेताओं के साथ शानदार बातचीत हुई। भारत के प्रति उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट रूप से दिखता है।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भारतीय मूल के व्यक्तियों (पीआईओ) की उपलब्धियां ‘‘सभी के लिए अपार गर्व का विषय हैं।’’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मलेशिया के विकास में भारतीय प्रवासियों द्वारा किए गए योगदान और ‘‘दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनकी सक्रिय भूमिका’’ के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक क्षेत्र के सभी नेताओं की भागीदारी ने भारत-मलेशिया की मजबूत और स्थायी मित्रता के लिए व्यापक समर्थन को रेखांकित किया।’’

मोदी मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर एवं व्यापार क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया। (भाषा )

यह भी पढ़ेमनरेगा जॉब कार्ड से नई योजना में मिलेगा काम – अधिकारी

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button