वाराणसी में धूमधाम से मनाया जाएगा प्रधानमंत्री मोदी का 75वां जन्मदिन


वाराणसी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को वाराणसी नगर निगम 111 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेगा।
वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर नगर निगम 75 किलो का केक भी काटेगा। प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर, 1950 को गुजरात के वडनगर कस्बे में हुआ था। 9 जून 2024 को उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रचा। वे जवाहरलाल नेहरू के बाद पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

विकास परियोजनाएँ
महापौर तिवारी ने बताया कि-
- शहर के आठ अंचलों और पाँच विधानसभा क्षेत्रों में 63.76 करोड़ रुपये की लागत से 65.68 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण, मरम्मत और जल निकासी का कार्य होगा।
- 75 कुओं की सफाई और जीर्णोद्धार पर 1.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
- पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे 30 लोगों की क्षमता वाले आश्रय गृह का निर्माण 30.28 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम
- मंगलवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में कजरी महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें लोक गायिका पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, रागिनी चंद्रा और प्रियंका चौहान ने प्रस्तुति दी।
- अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 1100 कमल पुष्पों से सहस्त्रार्चन और महारुद्राभिषेक किया जाएगा।
भाजपा का सेवा अभियान
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पिछले 15 दिनों से स्वच्छता और सेवा से जुड़े कार्य कर रहे हैं।
- बुधवार को सुबह स्वच्छता अभियान,
- दोपहर में वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम में फल वितरण,
- और शाम को काशी के विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
