एच सिटी परियोजना के खिलाफ केबीआर पार्क के पास प्रदर्शन
हैदराबाद, बंजारा हिल्स स्थित कासू ब्रह्मानंद रेड्डी पार्क के पास स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित हैदराबाद सिटी इनोवेटिव एंड ट्रांसफॉर्मेटिव इंफ्रास्ट्रक्चर (एच सिटी) परियोजना के विरोध में प्रदर्शन किया। परियोजना के तहत पार्क के आस-पास फ्लाईओवर और अंडरपास का नेटवर्क बनाने की योजना है।
केबीआर पार्क की सुरक्षा के नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह परियोजना शहर के हरित क्षेत्र को खतरे में डालती है। इसे पर्याप्त कानूनी व पर्यावरणीय जाँच के बिना आगे बढ़ाया जा रहा है। कई प्रदर्शनकारियों ने परियोजना में कानून का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि पार्क के चारों ओर 5 किमी लंबे मार्ग पर सात फ्लाईओवर और सात अंडरपास बनाने की योजना है। इनमें जुबली हिल्स चेक पोस्ट, पार्क प्रवेश, मुग्धा, रोड नं. 45, फिल्म नगर, महाराजा अग्रसेन और कैंसर हॉस्पिटल जैसे प्रमुख जंक्शन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना में 47 माओवादी आत्मसमर्पण, भारी हथियार बरामद
प्रदर्शनकारियों ने पार्क के आस-पास के इको-सेंसिटिव ज़ोन से जुड़े नियमों के उल्लंघन का मुद्दा भी उठाया और पेड़ों की कटाई को लेकर चिंता जताई। पहले लगभग 1,300 पेड़ों को काटने की अनुमति दी गई थी, लेकिन कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह संख्या अब बढ़कर 1,942 हो गई है।
बिना नई अनुमति या यह स्पष्ट किए कि ये पेड़ ईएसजेड के भीतर आते हैं या नहीं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि हरित क्षेत्र की जगह डामर और कंक्रीट आने से स्थानीय हीट आइलैंड प्रभाव बढ़ सकता है, जिससे इन जंक्शनों पर तापमान बढ़ेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





