हरे कृष्णा स्वर्ण मंदिर में मनायी गयी राधाष्टमी
हैदराबाद, बंजारा हिल्स स्थित हरे कृष्णा स्वर्ण मंदिर में आज श्री राधाष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की सनातन पत्नी राधा रानी के दिव्य प्राकट्य दिवस के अवसर पर शहरभर से बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर में दर्शन किए। श्री राधा गोविंदा के विग्रह को नव वस्त्रां और उत्तम आभूषणों से सुसज्जित किया गया। मंदिर की वेदियों को फूलों की विविध श्रृंखलाओं से सजा कर वातावरण मनमोहक बनाया गया।
सायं वैदिक मंत्रोच्चारण और हरिनाम संकीर्तन की मनमोहक धुनों के बीच समर्पित पुजारियों द्वारा 108 कलश से श्री राधा गोविंदा अभिषेक किया गया। अभिषेक समारोह के एक भाग के रूप में श्री राधा गोविंद को पंचामृत (गाय का दूध, दही, शहद, आदि), पंचगव्य (गाय से प्राप्त पांच पवित्र वस्तुएँ), विभिन्न प्रकार के फलों के रस, दुर्लभ जड़ी-बूटियों के चूर्ण, चुनिंदा फूल और विशेष औषधियां अर्पित की गईं। भक्तों ने श्री राधा अष्टकम का भावपूर्ण गायन कर श्री राधा गोविंद को प्रसन्न किया।
यह भी पढ़ें… परमात्मा की प्राप्ति के लिए करते रहें प्रयास : आचार्य कौशिकजी
श्री राधा गोविंद को भव्य छप्पन भोग (56 प्रकार के खाद्य पदार्थ) अर्पित करने के अलावा राजभोग आरती की गयी। हरे कृष्णा मूवमेंट हैदराबाद के अध्यक्ष श्री सत्य गौर चंद्रदास प्रभुजी ने राधाष्टमी के महत्व पर बल देते हुए कहा कि राधारानी को संपूर्ण ब्रह्मांड की माता माना जाता है। भक्त इस शुभ दिन उनसे कृष्ण-भक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।
अवसर पर भगवान को प्रसन्न करने के लिए षोडशोपचार, श्रृंगार आरती, राजभोग आरती, संध्या आरती, महा अभिषेकम, झूलन (उंजला) सेवा, महा पालकी सेवा, शयन आरती, एकांत सेवा सहित अनेक सेवाएं अर्पित की गई। समारोह में उपस्थित सभी लोगों को स्वादिष्ट रात्रि भोजन प्रसाद परोसा गया और मंदिर में आगंतुकों की सुविधा के लिए विस्तृत व्यवस्था की गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



