परमात्मा की प्राप्ति के लिए करते रहें प्रयास : आचार्य कौशिकजी
हैदराबाद, श्रीराम जी को प्राप्त करने के बाद कुछ प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं है। हमें भगवान को पाने के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। नल का पानी नीचे ही गिरेगा क्योंकि पानी को पता है जहां से बिछड़ा हूं वह ऊपर नहीं बल्कि अथाह सागर से मिलता है। वैसे ही जीवात्मा को परमात्मा से मिलने के लिए ऊपर दौड़ते रहना चाहिए। उक्त उद्गार कोलसावाड़ी स्थित राजस्थानी सैनिक क्षत्रिय माली संघ में संत श्री लिखमीदासीजी (माली) सेवा समिति हैदराबाद-तेलंगाना द्वारा आयोजित श्रीराम वनवास कथा के द्वितीय दिवस कथा का रसपान कराते हुए पूज्य आचार्य श्री कौशिकजी महाराज ने दिये।
महाराज ने कहा कि एक ही लक्ष्य है हम सभी ईश्वर से मिलने के लिए पैदा हुए हैं। जीवन को मुस्कराते हुए जीना है। छोटा दुर्गुण भी आ जाएगा तो पूरी जिन्दगी समाप्त हो जाएगी। नींबू की एक बूंद हजारों लीटर दूध को खराब कर सकती है। महाराज ने कहा कि जिस प्रकार की सोच मंथरा की थी, वैसे लोग अनादि काल से धरती पर हैं। ये बनाने का नहीं बल्कि बिगाड़ने का कार्य करते हैं। राजा दशरथ जब श्रीरामजी को राजगद्दी पर बैठाना चाहते थे तो मंथरा ने कैकेयी को उकसाया।
यह भी पढ़ें… विकसित भारत की लक्ष्य प्राप्ति में उच्च शिक्षा की अहम भूमिका : राज्यपाल
संस्कारों की रक्षा और दीपक आरती का महत्व
मंथरा जैसे लोगों से दूरी बनाकर रखें। मंथरा जैसे लोगों के कहने पर हृदय पटल से राम को उतार देंगे तो परिवार बिखर जाएगा। हृदय पटल पर श्रीराम का स्थान होना चाहिए। ईश्वर परमात्मा का स्थान होना चाहिए। संसार के साथ रिश्ते बनाएं, पर हृदय पटल में भगवान को बैठायें। महाराज ने कहा कि वर्तमान में हमारी संस्कृति को मंथरा जैसे लोग नष्ट कर रहे हैं। महाराज ने कहा कि कैसी भी परिस्थिति हो पत्नी को टीका, मंगलसूत्र जैसे मांगलिक वस्तु को नहीं उतारना चाहिए। मंथरा का उपदेश हृदय में न उतारें, बल्कि माता कौशल्या की बात को हृदय में उतारना चाहिए।
महाराज ने कहा कि जीवन में नियम लें कि संध्या में सूर्य अस्तांचल के 24 मिनट के भीतर घरों में, मंदिर रसोई में दीपक जलाता है तो घर से बीमारियों की दोषों का हरण होता है। पूजा में दीपक प्रमुख है। कइयों के घर आरती नहीं होती है, जबकि प्रतिदिन दीपक और आरती होनी चाहिए। इससे घर में सुख समृद्धि आती है। अवसर पर संत श्री लिखमीदासजी (माली) सेवा समिति हैदराबाद-तेलंगाना के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



