राहुल गांधी के वोट चोरी आरोप निराधार : भाजपा


नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि राहुल गांधी द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार लगाए जाने वाले आरोप भारतीय लोकतंत्र में उनके और कांग्रेस के अविश्वास को दर्शाते हैं। भाजपा ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग ने उनके नवीनतम ‘‘वोट चोरी’’ आरोप को ‘‘निराधार और गलत’’ बताते हुए खारिज कर दिया है।
भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर ‘‘घुसपैठियों को बचाने की राजनीति’’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस को अवैध मतदाताओं को संरक्षण देने का अवसर मिला तो अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होंगे। उन्होंने राहुल द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की आलोचना का जवाब देते हुए पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त एम एस गिल और टी एन शेषन के उदाहरण दिए, जिनका कांग्रेस से जुड़ाव रहा है।

ठाकुर ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि यदि उनके पास सबूत हैं तो वह अदालत जाएं। उन्होंने कहा कि जिस कर्नाटक विधानसभा सीट का हवाला राहुल ने दिया, वहां से कांग्रेस का ही उम्मीदवार जीता था।
निर्वाचन आयोग ने भी स्पष्ट किया कि ‘‘किसी भी वोट को ऑनलाइन हटाना संभव नहीं है और संबंधित व्यक्ति को सुने बिना नाम विलोपित नहीं किया जा सकता।’’ आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को ‘‘ग़लत और निराधार’’ बताया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
