दलित विद्यार्थियों के साथ उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रही रेवंत सरकार : कविता
हैदराबाद, तेलंगाना जागृति की संस्थापक व विधान परिषद सदस्य के. कविता ने राज्य सरकार पर दलित विद्यार्थियों के साथ उपेक्षित रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने समाज कल्याण गुरुकुलों में विद्यार्थियों से काम करवाने का आरोप लगाते हुए बच्चों से काम लेने के आदेश देने वाली आईएएस अधिकारी को तुरंत पद से हटाने की माँग की। कविता ने एक्स पर कहा कि समाज कल्याण गुरुकुल पाठशालाओं में डिग्निटि ऑफ लेबर के तहत अपना काम खुद करने का प्रशिक्षण दिए जाने की आड़ में विद्यार्थियों से टॉयलेट्स क्लिनिंग, हॉस्टल के कमरे व रसोई आदि की सफाई कराए जाने की वह कड़ी निंदा करती हैं।
कविता ने कहा कि पूर्व बीआरएस शासन के समय हर गुरुकुल पाठशाला में सफाई के लिए 40 हजार रुपये दिए जाते थे, लेकिन इस माह से कांग्रेस सरकार ने उन निधियों को रोक दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से काम लेने के गुरुकुल सचिव अधिकारी व प्रिंसिपल को आदेश देने संबंधी आडियो को एक्स पर साझा करते हुए आईएएस अधिकारी को तुरंत हटाने व कड़े कदम उठाने की माँग की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई कर रहे बच्चों से काम लेना चिंता का विषय है।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा की भट्टी विक्रमार्का ने
कविता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार दलित विद्यार्थियों के साथ उपेक्षित रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से गुरुकुल में सेवा दे रहे 1200 लोगों को काम से हटा दिया गया है, वहीं टीचिंग स्टॉफ से वार्डन का काम लिया जा रहा है। इससे टीचिंग स्टॉफ मानसिक रूप से तनाव में है। उन्होंने सरकार से माँग की कि सभी गुरुकुलों में वार्डनों की नियुक्ति के साथ टीचिंग स्टॉफ की समस्याओं को दूर किया जाए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



