तेलंगाना स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा की भट्टी विक्रमार्का ने
हैदराबाद, उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने अधिकारियों को तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह के लिए योजनाबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएँ करने के निर्देश दिए। उन्होंने आज सचिवालय में राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 2 जून को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित किये जाने के बाद सिकंदराबाद परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराने, मार्च फास्ट, भाषण और अधिकारियों को पदक वितरण समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
हैदराबाद और जिला केंद्रों में स्थापना दिवस समारोह की व्यवस्था करने के निर्देश उन्होंने दिए। साथ ही कहा कि इस बार मिस वर्ल्ड विजेता राजकीय अतिथि के रूप में उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी। चुनाव आचार संहिता के कारण पिछले वर्ष स्थापना दिवस समारोह को बड़े पैमाने पर आयोजित नहीं कर पाये थे। इस बार स्थापना दिवस भव्य तरीके से मनाया जाएगा। बैठक में सीएम के सलाहकार वेम नरेंदर रेड्डी, मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, डीजीपी जितेंदर, हैदराबाद पुलिस आयुक्त सीवी आनंद व अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें… दुर्घटना में मरे विद्युत कर्मी के परिवार को एक करोड़ की बीमा सहायता: उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का
अधिकारियों ने डिप्टी सीएम को बताई कर्मचारियों की समस्याएँ
सरकारी कर्मचारियों की समस्याओं पर गठित उच्च अधिकारियों की समिति ने आज उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का से भेंट कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञातव्य है कि हाल ही में राज्य सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सीसीएलए सचिव नवीन मित्तल, पंचायती राज सचिव लोकेश कुमार और ट्रांसको के सीएमडी कृष्ण भास्कर के साथ उच्चस्तरीय समिति का गठन किया।
इस समिति ने कर्मचारी संघों के नेताओं के साथ बैठक ककर उनके मुद्दों पर आवेदन प्राप्त किया। प्रजा भवन में आज समिति ने उप-मुख्यमंत्री को कर्मचारी संघों के नेताओं के साथ हुई चर्चाओं के बारे में बताया। इस मौके पर भट्टी ने समिति को आगामी गुरुवार को होने वाली सरकारी कर्मचारियों की समस्याओं पर गठित मंत्रिमंडल उप-समिति की बैठक में कर्मचारी संघों द्वारा उठाए गए मुद्दों तथा उनके समाधान से संबंधित जानकारी देने के निर्देश दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



