हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं से कहा कि वे हर गाँव में लोगों के बीच प्रजा सरकार द्वारा जनता की भलाई के लिए उठाए गए कदमों के बारे में चर्चा करें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने लोगों के लिए कई कल्याण योजनाएँ लागू की हैं। इन कल्याण योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाना चाहिए। हमको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दिसंबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में 65 लाख इंदिरम्मा साड़ियों का वितरण पूरा हो जाए। मार्च में शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को 35 लाख साड़ियाँ बाँटी जानी चाहिए।
सीएम ने गांधी भवन में पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ की अध्यक्षता में हुई पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में एआईसीसी प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, एआईसीसी सचिव विश्वनाथन, सचिन सावंत, मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, श्रीहरि, अजहरुद्दीन, सीतक्का, विधायक, विधान परिषद सदस्य, नवनियुक्त डीसीसी अध्यक्ष, पूर्व डीसीसी अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने भाग लिया।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि हमें संकट में फंसा राज्य सौंपा गया, तो हम राज्य को संकट से भलाई की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने ऐलान किया कि वे आगामी 7 दिसंबर को उस्मानिया विश्वविद्यालय में आर्ट्स कॉलेज के सामने एक विशाल सभा करने जा रहे है और उस मौके पर विश्वविद्यालय विकास के लिए निधियां मंजूर करेंगे। उन्होंने कहा कि उस्मानिया विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट विश्रविद्यालय बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें… अब हिंदू समाज को निर्णय लेना होगा : बंडी संजय
जिला अध्यक्षों को ज़िम्मेदारी निभाने और संगठन मजबूत करने की हिदायत
सीएम ने दोहराया कि हम आगामी 8 और 9 दिसंबर को तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट का आयोजन कर रहे है। हम तेलंगाना राइजिंग 2047 डॉक्यूमेंट का अनावरण करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हमने अब तक कई अच्छे काम किए हैं। स़िर्फ काम करना नहीं, राजनीति में हमको बताना होगा कि हमने क्या-क्या किया है। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे लोगों को बताएं कि हम क्या-क्या काम कर रहे हैं और कौन सी कल्याण व विकास योजनाएं लागू कर रहे हैं।
सीएम ने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों से पार्टी की मजबूती के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिला पार्टी अध्यक्ष पद एक बड़ी ज़िम्मेदारी होती है और इसे पूरी कटिबद्धता से निभाना चाहिए। उन्होंने स़ाफ किया कि अगर वे लापरवाही बरतेंगे तो नहीं बक्शा जाएगा। राजनीति में रुकावट आना स्वाभाविक है। इसे कोई बड़ी समस्या न समझें और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
इस मौके पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार नेहरू को विरासत में मिली संपत्ति से चलाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि अखबार के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी मामले को सबूतों के साथ जनता के सामने लाया। इस कारण बीजेपी फिर से सोनिया व राहुल के खिलाफ केसों के नाम पर लोगों का ध्यान उस मुद्दे से हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सोनिया व राहुल के साथ हैं।
