रेवंत रेड्डी राहू और केसीआर केतू – एन. रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को राहू व पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर को केतु बताते हुए कहा कि तेलंगाना को लूटकर दोनों ने सर्वनाश कर दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से कागजनगर सिरपुर में म्युनिसिपल चुनाव प्रचार के अंतर्गत आयोजित विजय संकल्प सभा और मंचीरियाल में किए गए रोड शो को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव ने कहा कि विधानसभा व विधान परिषद में खुद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने वेतन तक देने के लिए खजाने में पैसा नहीं है कहकर हाथ खड़े कर दिए थे और कहा था कि कोई कर्ज भी देने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका चुनाव में यदि कांग्रेस को जिताया गया तो म्युनिसिपालिटियों के लिए पैसा कहां से लाएंगे ?
रामचंदर राव ने कहा कि जनता पर टैक्स का भार लादकर नागरिकों की जेब से पैसा निकालेंगे और केंद्र से मिलने वाली निधियों को डायवर्ट करके लूट मचाएंगे, जिस प्रकार पूर्व केसीआर सरकार ने किया था क्योंकि दोनों सरकारों में कोई अंतर नहीं है। दोनों भ्रष्टाचारी व लूटखोर हैं। उन्होंने आसिफाबाद व कागजनगर की दोनों कार्पोरेशन में भाजपा को जिताने का आह्वान किया और कहा कि यदि भाजपा को जिताया गया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा म्युनिसिपालिटियों के विकास हेतु दी जा रही नीतियों व कल्याणकारी योजनाओं को अमल किया जाएगा। साथ ही फाइनांस कमीशन से जो निधियां प्राप्त होंगी, वह यहीं खर्च की जाएंगी। इन्हें डायवर्ट नहीं किया जा सकेगा।
रामचंदर राव ने कहा कि केवल भाजपा ही भ्रष्टाचार रहित शासन दे सकती है। रामचंदर राव ने बीआरएस और कांग्रेस सरकारों के बीच मिलीभगत होने का आरोप दोहराते हुए कहा कि नोट के बदले वोट मामले में केसीआर व केटीआर ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को बचाया था। अब केसीआर और केटीआर को फोन टैपिंग मामले में रेवंत रेड्डी बचा रहे हैं। उन्होंने नगर स्थित फोरेंसिक लैब में हुई अग्नि दुर्घटना पर संदेह जाते हुए कहा कि वोट के बदले नोट से संबंधित महत्वपूर्ण सबूत उसी लैब में थे। संदेह है कि सबूत नष्ट करने के लिए तो अग्नि दुर्घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार अग्नि दुर्घटना कोई नई बात नहीं है। गत बीआरएस शासन के दौरान भी सचिवालय में इसी प्रकार की अग्नि दुर्घटना हुई थी जिसमें कई फाइलें जलकर नष्ट हो चुकी थीं। अवसर पर स्थानीय सांसद जी. नागेश, बीजेपी विधायक पालवाय हरीश बाबू, दुग्याला प्रदीप कुमार आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



