रेवंत रेड्डी ने टाटा चेयरमैन से माँगा स्टेडियमों के उन्नयन पर सहयोग
हैदराबाद, रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद के प्रमुख स्टेडियमों के उन्नयन तथा मूसी नदी पुनर्जीवन, होटल और रिसॉर्ट परियोजनाओं में सहयोग का टाटा से अनुरोध किया। टाटा समूह राज्य में नए विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की संभावना पर सकारात्मक रुख रखता है।
दावोस में तेलंगाना प्रतिनिधिमंडल ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज पवेलियन में टाटा समूह के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन के साथ अत्यंत रचनात्मक और परिणामोन्मुख बैठक की। प्रतिनिधिमंडल ने चंद्रशेखरन के समक्ष तेलंगाना राइजिंग 2047 विजन के तहत प्रमुख रणनीतियों, ढाँचों और लक्ष्य-आधारित योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने चर्चा की शुरुआत में टाटा टेक्नोलॉजीज़ के साथ तेलंगाना सरकार की सफल साझेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि 65 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर्स में बदला जा रहा है। सरकार अब सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों को स्किल सेंटर्स में उन्नत करने की दिशा में कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें… भारत – स्विट्ज़रलैंड साझेदारी : हैदराबाद में बनेगा विश्व का पहला स्विस मॉल
मुख्यमंत्री ने ट्रंपेट इंटरचेंज और गांधी सरोवर की योजनाओं की जानकारी दी
मुख्यमंत्री ने हैदराबाद के प्रमुख स्टेडियमों को टाटा समूह के सहयोग से उन्नत करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर चंद्रशेखरन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। टाटा चेयरमैन ने कहा कि देश में अपार खेल प्रतिभा को देखते हुए विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने मूसी नदी के कायाकल्प और हैदराबाद में नाइट-टाइम इकोनॉमी विकसित करने की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टाटा चेयरमैन ने मूसी रिवरफ्रंट परियोजना में सहयोग की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि समूह राजस्थान और महाराष्ट्र में जलाशयों के पुनर्जीवन में पहले से कार्य कर रहा है। कंपनी मूसी पुनर्जीवन परियोजना में अनुभव के साथ साझेदारी के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने मूसी पर यातायात समस्या के समाधान हेतु ट्रंपेट इंटरचेंज और गांधी सरोवर के निर्माण की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मूसी तेलंगाना के लिए एक आर्थिक विकास इंजन बन सकती है।बैठक में विरासत स्थलों और जल निकायों के पुनरुद्धार पर भी विचार-विमर्श हुआ। अवसर पर राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



