सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता : अरुण कुमार जैन

हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के महाप्रबंधक अरुण कुमार जैन ने सोमवार को सिकंदराबाद के रेल निलयम में ट्रेन सुरक्षा और समय की पाबंदी पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यापक समीक्षा बैठक की।

अवसर पर दमरे के महाप्रबंधक अरुण कुमार जैन ने दोहराया कि रेलवे संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने और शॉर्टकट तरीकों से बचने पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने की सलाह दी।

साथ ही रेलवे कर्मियों के बीच सुरक्षा जागरूकता को सुदृढ़ करने के लिए नियमित क्षेत्र-स्तरीय परामर्श का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने सड़क के नीचे के पुलों (आरयूबी) और लेवल क्रॉसिंग पर सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर दिया। साथ ही ट्रैक सुरक्षा बढ़ाने के लिए सभी आरयूबी पर कम से कम दो ऊँचाई गेज लगाने के निर्देश दिए। हाल की घटनाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने मवेशियों के कुचले जाने के मामलों की समीक्षा की और ट्रेन की आवाजाही में व्यवधान को रोकने के लिए सक्रिय उपायों की आवश्यकता पर बल दिया। कमजोर ट्रैक खंडों पर बाड़ लगाने की स्थिति की भी जांच की गई।

यह भी पढ़ें… रेलवे अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा उद्घाटित

दमरे का डिजिटल परिवर्तन: अल्फा इंस्पेक्टर ऐप

दमरे के चल रहे डिजिटल परिवर्तन पर अरुण कुमार जैन ने अल्फा इंस्पेक्टर ऐप्लिकेशन लांच किया। यह वेब और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और जीपीएस तकनीकों का लाभ देगा जो मुख्य रूप से लोको इंस्पेक्टरों की दक्षता बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया। यह ऐप्लिकेशन मूवमेंट ट्रैकिंग और रिकॉर्ड कीपिंग को स्वचालित करेगा, ताकि मैनुअल वर्कलोड कम हो सके।

यह लोको पायलट (एलपी) और सहायक लोको पायलट (एएलपी) के परिचालन डेटा तक वास्तविक समय की पहुँच प्रदान करेगा, जिससे मंडल और क्षेत्रीय स्तरों पर विसंगतियों को लेकर त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी। अवसर पर दमरे के अतिरिक्त महाप्रबंधक नीरज अग्रवाल समेत विजयवाड़ा, गुंतकल, गुंटूर, सिकंदराबाद, हैदराबाद और नांदेड़ डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित हुए।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button