रेलवे अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा उद्घाटित
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक अरुण कुमार जैन ने आज लालागुड़, सिकदराबाद स्थित केंद्रीय रेलवे अस्पताल में 5.42 करोड़ रुपये की लागत वाली सीटी स्कैन सुविधा का उद्घाटन किया। प्रेस विज्ञप्ति द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रेलवे अस्पताल में अभी तक सीटी स्कैन ब्रेन, सीटी चेस्ट, सीटी एब्डोमेन जैसी जाँच आउटसोर्स की जाती थी।
नई सीटी स्कैन सुविधा सभी रेलवे लाभार्थियों के लिए सुविधाजनक होगी। इससे रेफरल खर्च में भी कमी आएगी। जानकारी देते हुए बताया गया कि अस्पताल परिसर में दमरे महाप्रबंधक ने औषधीय उद्यान का उद्घाटन किया। यहाँ तुलसी, एलोवेरा, लेमन ग्रास तथा इंसुलिन प्लांट जैसे 20 प्रकार के औषधीय पौधे हैं। औषधीय पौधों पर मार्गदर्शन के लिए अस्पताल में एक आयुर्वेदिक चिकित्सक उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें… नया रंग रूप ले रहा है हैदराबाद का बेगमपेट रेलवे स्टेशन
रेलवे कर्मचारियों के लिए नई सुविधाओं का उद्घाटन
अरुण कुमार जैन ने ओपीडी ब्लॉक की पहली मंजिल पर फास्ट फूड कैंटीन तथा अस्पताल में आने वाले रेलवे कर्मचारियों की सुविधा के लिए डॉरमेट्री के सामने चार पहिया पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया। अरुण कुमार जैन ने कर्मचारियों के लाभ के लिए सुविधाओं के उन्नयन हेतु चिकित्सा विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन सुविधा रेलवे कर्मियों के लिए अत्यधिक लाभकारी और सुविधाजनक होगी, जिससे परीक्षणों की आउटसोर्सिंग से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।
इससे मरीजों का समय बचेगा और समय पर उपचार दिया जा सकेगा। अवसर पर दमरे प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. निर्मला राजाराम, हैदराबाद मंडल रेल प्रबंधक लोकेश विश्नोई, केंद्रीय अस्पताल लालागुड़ा के चिकित्सा निदेशक डॉ. आई. शिव नागा प्रसाद, प्रमुख विभागाध्यक्ष और मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



