आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के लिए चयन रैली अप्रैल में
हैदराबाद, भारतीय सेना के सिकंदराबाद ईएमई सेंटर में बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी (बीएससी) के अंतर्गत खेल कैडेट के चयन हेतु भर्ती रैली का आयोजन आगामी 6 से 12 अप्रैल तक किया जाएगा। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह चयन रैली वॉलीबाल, कयाकिंग एवं कैनोइंग जैसी खेल विधाओं में नौसिखियों और अनुभवी खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जाएगी। बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी भर्ती के लिए चयनित अभ्यर्थियों को खेल कैडेट के रूप में शामिल किया जाएगा। रैली में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की आयु 8 से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदक का जन्म 6 अप्रैल, 2012 के बाद और 6 अप्रैल, 2018 से पहले होना अनिवार्य है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में न्यूनतम तीसरी कक्षा उत्तीर्ण होना, अंग्रेजी और हिन्दी का सामान्य ज्ञान आवश्यक है। अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जाँच सेना खेल संस्थान के मेडिकल अधिकारी तथा आर्मी खेल चिकित्सा केंद्र के विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। किसी भी राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त खिलाड़ियों के चयन को प्राथमिकता दी जाएगी। शरीर के किसी भी हिस्से पर स्थायी टैटू वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें… राज्य में बचे हुए माओवादी भी करें आत्मसमर्पण : शिवधर रेड्डी
चयनित अभ्यर्थियों को खेल कैडेट के रूप में निशुल्क आवास, भोजन, दसवीं कक्षा तक शिक्षा, चिकित्सा सुविधा, बीमा और वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। बाद में पात्र खेल कैडेटों को सेना भर्ती नियमों के अंतर्गत भारतीय सेना में नामांकित किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ियों और अभिभावकों से निर्धारित तिथियों में रैली में भाग लेने का आग्रह किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



