एआई प्रशिक्षण के लिए सर्विसनाउ ने की यूनिवर्सिटी की घोषणा
हैदराबाद, एआई प्लेट़फॉर्म सर्विसनाउ ने भारत में नई सेवा के रूप में सर्विसनाउ विश्वविद्यालय की शुरुआत की। वर्चुअल यूनिवर्सिटी का उद्देश्य एआई आधारित भविष्य की माँगों को पूरा करने के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करना और देश में कुशल प्रतिभाओं की आपूर्ति से जुड़ी चुनौती को दूर करना है।
एचआईसीसी नोवोटेल में आयोजित प्रथम सर्विसनाउ एआई स्किल्स समिट में सर्विनाउ यूनिवर्सिटी प्रारंभ करने की घोषणा की गयी। अवसर पर सर्विसनाउ यूनिवर्सिटी इंडिया लीड के वरिष्ठ निदेशक जी. भास्कर, ग्लोबल लर्निंग एंड डेवलपमेंट कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जानी होसन, शिक्षा मंत्रालय और एआईसीटीई के चीफ समन्वय अधिकारी डॉ. बुद्ध चंद्रशेखर, सर्विसनाउ इंडिया टेक्नोलॉजी एंड बिज़नेस सेंटर के प्रबंध निदेशक सुमित माथुर, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम से देश भर के 1,200 छात्रों ने व्यक्तिगत रूप से तथा 20,000 से अधिक प्रतिभागियों ने वर्चुअल रूप से हिस्सा लिया। सर्विसनाउ ने घोषणा की कि 2027 तक भारत में 10 लाख शिक्षार्थियों को एआई कौशल से सशक्त बनाया जाएगा, जबकि कंपनी वैश्विक स्तर पर 30 लाख लोगों तक एआई कौशल पहुँचाने का लक्ष्य रखती है।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद में व्यवसायों को स्मार्ट एआई से सक्षम बनाएगा लेनोवो
सर्विसनाउ विश्वविद्यालय से एआई कौशल व कॅरियर अवसर
सुमित माथुर ने कहा कि आज संगठन तेजी से एआई अपना रहे हैं, लेकिन प्रशिक्षित पेशेवरों की कमी है। सर्विसनाउ यूनिवर्सिटी इसी अनिश्चितता को दूर करने के लिए तैयार की गई है, ताकि छात्र एआई फ्लुएंसी, समस्या समाधान और नवाचार जैसे महत्वपूर्ण कौशल हासिल कर सकें। एक शोध रिपोर्ट के अनुसार, एआई 2030 तक भारत में लगभग 1.03 करोड़ नौकरियों को बदल देगा, वहीं अगले पाँच सालों में देश में 30 लाख नए टेक वर्कर्स जुड़ेंगे। इसके बावजूद डेटा इंजीनियर और डेटा सिक्योरिटी प्रोफेशनल्स जैसे क्षेत्रों में बड़ी कमी बनी हुई है।
सर्विसनाउ विश्वविद्यालय को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि यह सीखने की प्रक्रिया को रोचक और गेमिफाइड अनुभव में बदल दे। इसमें निशुल्क ऑन-डिमांड पाठ्यक्रम, डिजिटल क्रेडेंशियल्स और रैंकिंग प्रणाली शामिल हैं। खास तौर पर भारतीय विद्यार्थियों के लिए इसमें एडमिनिस्ट्रेटर, डेवलपर, प्लेट़फॉर्म ओनर, इम्प्लिमेंटर और सिकऑप्स जैसे कॅरियर पाथवे तैयार किए गए हैं। सर्विसनाउ यूनिवर्सिटी भारत में कंपनी के गहन सहयोग मॉडल के अंतर्गत ग्राहक, साझेदार, विश्वविद्यालयों और सरकारी संगठनों के साथ मिलकर कौशल विकास और एआई कॅरियर के अवसर खोलेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



