ट्रोलर्स के शिकार हुए शरद केलकर
टीवी से लेकर बॉलीवुड तक शरद केलकर की एक बेहद तगड़ी फैन फॉलोइंग है। सिंदूर तेरे नाम का(2005-2007), सात फेरे(2005-2009), कुछ तो लोग कहेंगे(2012-2013), एजेंट राघव-क्राइम ब्रांच(2015-2016), रंगबाज फिर से(2019), इंडियन पोलिस फोर्स(2024) और डॉक्टर्स(2024) जैसे टीवी शोज़ में शरद केलकर के काम को काफी पसंद किया गया।
साल 2004 में आई फिल्म हलचल से फिल्मों में डेब्यू करने के बाद से अब तक शरद केलकर, गोलियों की रासलीला: रामलीला(2013), हाउसफुल 4(2019), तानाजी(2020), भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया(2021), चोर निकल के भागा(2023), छत्रपति(2023), श्रीकांत(2024) और स्काई फोर्स(2025) जैसी तीन दर्जन से अधिक फिल्मों में नज़र आ चुके हैं। शरद केलकर को एक डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर भी जाना जाता है।
शरद केलकर की नई भूमिका पर विवाद
वह अब तक एक दर्जन हॉलीवुड फिल्मों के अलावा बाहुबली: द बिगनिंग(2015), बाहुबली 2: द कन्क्लूजन(2017), गादलकोंडा गणेश(2022), आदिपुरुष(2023) और सालार पार्ट 1: सीसफायर(2023) जैसी एक दर्जन से अधिक भारतीय फिल्मों के लिए प्रभास, वरूण तेजा, रामचरण और नानी जैसे साउथ सुपर स्टार्स को अपनी आवाज दे चुके हैं। शरद के फैंस उनकी ऐक्टिंग को जितना पसंद करते हैं, उतनी ही उनकी दमदार आवाज भी उन्हें पसंद है।
यह भी पढ़ें…प्रभास के साथ फिल्म करने को लेकर खुश हैं प्रीति मुकुंदन
शरद केलकर अब एक नए टीवी शो तुम से तुम तक(2025) में आर्य वर्धन के लीड रोल में नज़र आ रहे हैं। इस शो की खास बात यह है कि इसमें वे पहली बार 19 साल की एक बच्ची निहारिका चौकसी से रोमांस करते नज़र आ रहे हैं। शो के कंटेंट के अनुसार 19 साल की निहारिका की मां जल्दी से जल्दी उनकी शादी करवाना चाहती हैं, लेकिन वो इतनी कम उम्र में शादी करना नहीं चाहती।
कहानी के दूसरे पहलू में शरद केलकर 46 साल के एक बेहद अमीर शख्स हैं और वो भी शादी नहीं करना चाहते हैं। लेकिन बाद में बड़े ही ड्रेमेटिक अंदाज़ में शरद और निहारिका की मुलाकात होती है और वो एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं। फैंस को शो का कंटेंट और दोनों के बीच का एज गैप बिलकुल पसंद नहीं आ रहा है। हर तरफ इसकी जमकर आलोचना हो रही हैं। इसके लिए सोशल मीडिया पर शरद को जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
सुभाष शिरढोनकर
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



