एसपीआर हिल्स निवासियों की पानी आपूर्ति की परेशानी उगादि तक होगी खत्म : अशोक रेड्डी
हैदराबाद, हैदराबाद महानगरीय पेयजलापूर्ति एवं मलजल निकास बोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी ने मंगलवार को एसपीआर हिल्स, बोराबंडा और रहमत नगर में रात के समय में जल आपूर्ति से होने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए फील्ड स्तर पर पाइपलाइन का निरीक्षण करने के बाद कहा कि एसपीआर हिल्स इलाके के लोगों की परेशानियाँ खत्म करने और क्षेत्र में रात में पानी की आपूर्ति को रोकने के लिए 2.5 करोड़ रुपये की लागत से नए फीडर मेन का निर्माण जारी है, जिसकी पाइपलाइन का कार्य आगामी उगादि तक पूर्ण हो जाएगा।

यहाँ जलबोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी ने जलबोर्ड के अधिकारियों के साथ फील्ड स्तर पर काम का निरीक्षण किया। कार्य की प्रगति के बाद उन्होंने अधिकारियों को पाइपलाइन कंस्ट्रक्शन के काम में तेजी लाने व उगादि तक इसे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरत पड़ने पर उन्होंने कार्मिकों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया।
अवसर पर अशोक रेड्डी ने कहा कि एसपीआर हिल्स इलाके में पानी स्टोर करने की क्षमता में कमी के कारण, कुछ इलाकों में तीन दिन में एक बार पानी आपूर्ति करने में भी दिक्कत होती थी। इसके अलावा, कुछ बस्तियों में रात में ताजा पानी सप्लाई करने में उचित प्रेशर न मिलने जैसी समस्याएँ आ रही थीं। पिछले साल, सरकार ने बोराबंडा व रहमतनगर डिवीजन की 52 बस्तियों और कई कॉलोनियों की पानी की समस्या को हल करने के लिए लगभग 5.7 करोड़ रुपये की लागत से 3 मिलियन लीटर का जलाशय बनवाया है।
यह भी पढ़ें… जीएचएमसी : अपर आयुक्त सृजना ने किया कोंडापुर साप्ताहिक बाज़ार का निरीक्षण
हर दिन जल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन का निर्माण जारी
डेढ़ साल के रिकॉर्ड समय में पूरे हुए इस जलाशय के बनने के बाद उद्घाटन पिछले साल मई में राज्य के परिवहन एवं बीसी कल्याण मंत्री व हैदराबाद के प्रभारी पोन्नम प्रभाकर ने किया था। प्रबंध निदेशक ने कहा कि इस जलाशय के बनने से बोराबंडा और रहमतनगर डिवीजन की 52 बस्तियों के लोगों को हर दूसरे दिन सुबह 4 बजे से रात 11 बजे तक पानी सप्लाई हो रहा है, लेकिन इस जलाशय की सीमा के अंदर सभी इलाकों में हर दिन पानी सप्लाई करने और रात के बजाय सुबह से शाम तक पानी सप्लाई करने के लिए, एसपीआर हिल्स जलाशय से ब्रह्मा शंकर नगर मंदिर तक 450 एमएम डायमीटर की एमएस पानी की पाइपलाइन बनाई जा रही है।
साथ ही ब्रह्म शंकर नगर मंदिर से कार्मिका नगर ऑटो स्टैंड तक 300 एमएम डायमीटर की लाइन बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर यह पाइपलाइन पूरी हो जाती है, तो कार्मिक नगर और ब्रह्मा शंकर नगर इलाकों में रात में ही नहीं, बल्कि दिन में भी पानी की सप्लाई बेहतर होगी। उन्होंने अधिकारियों को शहर के उन इलाकों की पहचान करने और रिपोर्ट जमा करने के भी निर्देश दिए, जहाँ रात में पानी सप्लाई होती है। उन्होंने कहा कि सभी इलाकों में समय पर सुबह से शाम तक पानी सप्लाई करने के लिए प्लान तैयार किए जाएँ। अवसर पर जलबोर्ड के सीजीएम प्रभु, महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



