आरटीसी के सरकार में विलय तक जारी रहेगा संघर्ष : केटीआर

हैदराबाद, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव ने कहा कि सरकार जब तक कि आरटीसी का सरकार में विलय नहीं करती, पार्टी संघर्ष करती रहेगी।

केटीआर ने नरसमपेट डिपो के ड्राइवर शंकर गौड़ के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। शंकर गौड़ ने तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम के सरकार में विलय और वेतन संशोधन आयोग को लागू करने की माँग को लेकर हुई हड़ताल के दौरान आत्महत्या कर ली थी। नरसमपेट निर्वाचन क्षेत्र के मुथोजिपेट स्थित शंकर गौड़ के आवास पर बीआरएस नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। उन्होंने पार्टी की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि भी सौंपी।

केटीआर के साथ विधान परिषद में विपक्ष के नेता सिरिकोंडा मधुसूदनाचारी, सांसद वद्दीराजू रविचंद्र, पूर्व मंत्री एर्राबेल्ली दयाकर राव, सत्यवती राठौड़, पूर्व विधायक पेद्दी सुदर्शन रेड्डी, छल्ला धर्म रेड्डी, पूर्व सांसद मालोत कविता व अन्य मौजूद थे।
केटीआर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता आने के 100 दिनों के भीतर आरटीसी का सरकार में विलय करने और पीआरसी को लागू करने का वादा किया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी इसे पूरा करने में वह विफल रही।

यह भी पढ़ें… बंडी संजय पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया केटीआर ने

कर्मचारियों से आत्महत्या जैसे कदम न उठाने की अपील

किसी भी कर्मचारी को अपनी माँग के लिए इस तरह का कदम नहीं उठाना चाहिए, लेकिन सरकार को भी अपना वादा पूरा करना चाहिए। केटीआर ने कहा पार्टी तब तक आपके साथ खड़ी रहेगी, जब तक आपको इंसाफ नहीं मिल जाता। उन्होंने आरटीसी कर्मचारियों से अपील की कि वह अपने राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर एकजुट हों और अधिकारों के लिए संघर्ष करें।

केटीआर ने इससे पूर्व पार्टी नेताओं के साथ नरसमपेट कृषि बाज़ार का दौरा किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं। उन्होंने गीसुगोंडा मंडल स्थित उकल किसान सहकारी ऋण समिति का भी दौरा किया। केटीआर ने मक्का किसानों से बातचीत कर उनकी चुनौतियों तथा कठिनाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button