तेलंगाना : गांजा तस्करी के आरोप में तीन छात्र गिरफ्तार

हैदराबाद, तेलंगाना की ईगल फोर्स ने वरंगल नारकोटिक्स पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत ओड़िशा से वाया वरंगल करीमनगर के लिए गांजा तस्करी करने वाले तीन कॉलेज छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। ईगल पुलिस ने छात्रों के पास से 36.878 किलो गांजा, एक सेलफोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में ईगल फोर्स के निदेशक संदीप शांडिल्य ने बताया कि गांजा तस्करी के मामले में सेंट पीटर्स इंजीनियरिंग कॉलेज के बी.टेक तृतीय वर्ष के छात्र करीमनगर निवासी बुच्चला आदित्या उर्फ इंद्रा (20), ट्रिनिटी जूनियर कॉलेज करीमनगर के इंटर द्वितीय वर्ष के छात्र गोल्लापल्ली निखिल उर्फ चिंटू (19) और पेद्दापल्ली गोदावरीखनी निवासी कॉलेज छात्र वड्लाकोंडा यशवंत उर्फ मिंटू को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों छात्रों ने पसपुलंका ओड़िशा निवासी भगवान के पास से 80,600 रुपये का भुगतान कर 36.878 किलो गांजा मंगवाया। मंगवाया गया गांजा दोनों छात्र अपने साथी यशवंत की मोटरसाइकिल पर करीमनगर ला रहे थे।

रास्ते में ईगल फोर्स पुलिस ने वरंगल नारकोटिक्स पुलिस के साथ मिलकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के बयान पर इनके तीसरे साथी यशवंत को भी हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि आदित्या और निखिल अपने अन्य फरार दोस्तों अम्मूला त्रिनेश, सुन्दरगिरी संजय, अजय उर्फ वैमपायर, सिद्धू, श्रीधर उर्फ सिद्धू और सुन्दरगिरी ईश्वर के पास से पैसा जमा कर स्वयं के सेवन के अलावा बेचने के लिए गांजा मंगवा रहे थे। इसके पूर्व दोनों जनवरी-2025, जुलाई-2025 और दिसंबर-2025 के दौरान सफलतापूर्वक तीन बार ओड़िशा से करीमनगर के लिए गांजा लाकर स्वयं सेवन करने के अलावा इसे बेच दिया था।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद : क्रिप्टो करेंसी फंड चोरी के मामले में तीन अरेस्ट

दो हजार रुपये किलो में गांजा खरीदा

दोनों ओड़िशा निवासी भगवान के पास से दो हजार रुपये प्रति किलो की दर से गांजा खरीद रहे थे। गत जनवरी माह में गांजा खरीदने के लिए दोनों ने भगवान को 69 हजार रुपये नकद और 11,600 रुपये ऑनलाइन स्तर पर अपने एक दोस्त प्रवीण के जरिए भेजे थे। इसके बाद गांजे की आपूर्ति होने पर दोनों गांजा लेकर वाया वरंगल मोटरसाइकिल पर करीमनगर आ रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

इस मामले में गांजा खरीदने के लिए पैसे देने वाले उनके साथी सुन्दरगिरी संजय अजय सिद्धू श्रीधर और सुन्दरगिरी ईश्वर फरार हैं। इसके पहले दोनों करीमनगर निवासी कलावेना प्रवीण कुमार उर्फ चंटी के पास से गांजा खरीद रहे थे। इस मामले में प्रवीण कुमार भी फरार है। उन्होंने बताया कि आदित्या और निखिल को कॉलेज की पढ़ाई के दौरान ही गांजे की लत पड़ गई थी। इसके बाद स्वयं के सेवन के लिए गांजा खरीदने के अलावा वे इसे बेचकर पैसा कमाने के लिए सीधे ओड़िशा से गांजे की तस्करी करने लगे थे।

गत जनवरी माह में करीमनगर वन टाउन पुलिस ने आदित्या को गिरफ्तार कर स्टेशन जमानत पर छोड़ दिया था। उसी माह उसने अपने दोस्तों से पैसा जमा कर 36.878 गांजा खरीदा था। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। ईगल फोर्स के निदेशक ने चिंता जताई कि कॉलेज छात्र पहले गांजे की लत में पड़ रहे हैं और इसके बाद पैसा कमाने के लिए गांजे की तस्करी कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने पर बल दिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button