कियारा तक पहुंचती हैं दादामुनि के परिवार की शाखाएँ
(ओल्ड इज़ गोल्ड)
बॉलीवुड में अभिनेता अशोक कुमार के लिए लोगों की दीवानगी ऐसी थी कि जब कभी वह सार्वजनिक स्थलों पर दिखायी दे जाते, तो उनके फैंस उन्हें घेर लेते, ट्रैफिक जाम हो जाता और अक्सर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ता, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए। भारतीय फिल्मोद्योग में स्टार भी हैं और सुपरस्टार भी हैं, लेकिन बिना किसी शक या विवाद के अशोक कुमार बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार थे, लीजेंड थे।
वह क़ानून के छात्र थे, सिनेमा से प्यार करते थे, लेकिन कैमरा के सामने आने से शर्माते थे। इसलिए उनकी इच्छा फिल्मों का निर्देशन करने की थी, मगर लैब तकनीशियन बन बैठे। किस्मत को कुछ और ही मंजूर था- अभिनय व दिलचस्पी के शून्य अनुभव के साथ पहली फिल्म में हीरो बने, फिर एक के बाद एक हिट फिल्में देते गए और हर फिल्म के साथ अभिनय में सुधार होता गया। आख़िरकार, उन्होंने अपने जीवन के 60 बरस से भी अधिक अभिनय कला को समर्पित कर दिए और 350 फिल्मों से ज्यादा में पर्दे पर दिखायी दिए।
अशोक कुमार: एक बहुप्रतिभाशाली कलाकार, गायक से ज्योतिषी तक
अशोक कुमार गायक थे। वह होम्योपैथ भी थे, उन्होंने एक 13 साल की लड़की का इलाज किया, वह गैंग्रीन से पीड़ित थी, उन्होंने उसकी टांग कटने से बचायी। वह पेंटर थे। अपनी पैंटिंग्स से उन्होंने एम.एफ. हुसैन तक को प्रभावित किया। हुसैन ने कहा, ‘यह नौसिखये की पैंटिंग्स नहीं हैं।’ अशोक कुमार ज्योतिषी भी थे और शतरंज के खिलाड़ी भी। उन्हें जर्मन, फ्रेंच, अंग्रेजी, हिन्दी, संसकृत, उर्दू, बांग्ला व गुजराती भाषाओं में महारत हासिल थी। आप जिस चीज़ का नाम लीजिये, वह जानते थे।
वह अन्य साज़ों के साथ ही तबला बजाना भी जानते थे। क्या यही वजह थी कि वह बॉलीवुड के पहले सबसे बड़े सितारे थे?
कुमुदलाल गांगुली के रूप में अशोक कुमार का जन्म 13 अक्टूबर 1911 को बिहार में एक बंगाली ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके पिता कुंजीलाल गांगुली वकील थे और मां गौरी देवी गृहिणी थीं।
कुमुदलाल के दो भाई व एक बहन थीं। उनकी बहन सती देवी, जो उनसे कुछ साल ही छोटी थीं, की शादी बहुत कम आयु में शशधर मुखर्जी से हो गई थी और वह विशाल ‘फिल्म परिवार’ की ‘मां’ बन गईं। कुमुदलाल के भाई कल्याण (अनूप कुमार) उनसे 16 साल छोटे थे और दूसरे भाई आभास (किशोर कुमार) 18 साल छोटे थे।
हालांकि, कुमुदलाल अपने भाइयों व बहन में सबसे बड़े थे। जब उनके सबसे छोटे भाई किशोर कुमार का 1987 में उनके जन्मदिवस पर ही निधन हुआ, तो उसके बाद उन्होंने अपना जन्मदिन मनाना बंद कर दिया। 1934 से 1997 तक फिल्मों में सक्रिय रहने वाले अशोक कुमार, जिन्हें सब प्यार से दादामुनि पुकारते थे का निधन 90वर्ष की आयु में मुंबई में 10 दिसम्बर 2001 को हुआ।
कुमुदलाल किशोरावस्था में ही थे, कॅरियर के बारे में सोचा भी न था, कि उनकी शादी अभिनेत्री छाया देवी की कज़न शोभा से कर दी गई, जिनका संबंध बंगाली ब्राह्मण परिवार से था।
अशोक कुमार का पारिवारिक जीवन: परंपरा और सादगी की मिसाल
हालांकि, अपने फिल्मी कॅरियर के कारण अशोक कुमार अनेक महिलाओं की ओर आकर्षित हुए। लेकिन उनका विवाह सफल रहा और अति मध्यवर्ग आउटलुक को बरकरार रखते हुए परम्परागत भी था। अशोक कुमार व शोभा के चार बच्चे हुए- एक बेटा अरूप कुमार गांगुली व तीन बेटियां भारती पटेल, रूपा वर्मा व प्रीति गांगुली।
बच्चों की परवरिश साधारण घर में परम्परागत मूल्यों के साथ की गई। अरूप ने एक फिल्म ‘बेजुबान'(1962) में बतौर हीरो काम किया। फिल्म फ्लॉप हो गई और फिर उन्होंने कॉर्पेरेट दुनिया में अपना कॅरियर बनाया। भारती पटेल अभिनेत्री अनुराधा पटेल की मां हैं। पूर्व अभिनेत्री रूपा गांगुली कॉमेडियन देवन वर्मा की विधवा हैं। प्रीति गांगुली ने 1970 व 1980 के दशकों में अनेक फिल्मों में हास्य कलाकार के रूप में काम किया। उनका 2012 में निधन हुआ। वह अविवाहित थीं।
यह भी पढ़ें: मैसा के पोस्टर में ख़ूँख़ार नज़र आ रही है रश्मिका मंदाना
अशोक कुमार की बेटी भारती ने दो शादियां कीं। उनकी पहली शादी एक गुजराती डॉक्टर वीरेन्द्र पटेल से थी। इस शादी से दो बेटे राहुल व रोहित और अभिनेत्री अनुराधा पटेल ने जन्म लिया, जो ऐक्टर कंवलजीत सिंह की पत्नी हैं। बाद में भारती ने ऐक्टर सईद जाफरी के भाई हमीद जाफरी से शादी की। दूसरी शादी से भारती के एक बेटा साहिल व दो सौतेली बेटियां जेनेवी व शाहीन हैं, जो हमीद की उनकी पहली पत्नी वलेरी साल्वे (स्कॉटिश, आयरिश, पुर्तगाली व स्पेनी हेरिटेज) से हैं।

जेनेवी ने एक सिंधी व्यापारी जगदीप अडवाणी से शादी की और इनकी ही बेटी अभिनेत्री कियारा अडवाणी हैं। अशोक कुमार का कियारा अडवाणी से कोई खून का रिश्ता नहीं है, लेकिन परिवार वृक्ष से उनकी आपस में रिश्तेदारी है। वैसे अशोक कुमार के कुल आठ बायोलॉजिकल पोते-पोती हैं। भारती के चार बच्चे- राहुल, रोहित, अनुराधा व साहिल। अरूप के चार बच्चे ऋषि, मिहिर, तुषार व सोमदत्त (निर्मिला गांगुली से शादी से)। इसके अतिरिक्त दो सौतेली नवासियां हैं- जेनेवा व शाहीन।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



